भिलाई। स्मृतिनगर चौकी पुलिस द्वारा मंगलवार को मादक पदार्थों की अवैध बिक्री के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए हेरोइन की बिक्री में संलिप्त मुख्य सप्लायर सहित 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से 10.30 ग्राम चिट्टा/हेरोइन एवं अन्य सामग्री सहित कुल 4 लाख 22 हजार 200 रुपए की मशरूका जब्त किया गया।
दरअसल 17 नवंबर को चौकी स्मृतिनगर पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि इमली तालाब, कोहका क्षेत्र में एक व्यक्ति मादक पदार्थ चिट्टा/हेरोइन की अवैध बिक्री कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा तत्काल मौके पर घेराबंदी कर आरोपी मृत्युंजय दुबे को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 3.58 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी ने विकास पाल, निवासी कृष्णा नगर, सुपेला से मादक पदार्थ खरीदकर रायपुर क्षेत्र में बिक्री करना बताया।
इस आधार पर पुलिस टीम द्वारा स्टील सिटी कॉलोनी में दबिश देकर विकास पाल को पकड़ा गया। उसके कब्जे से 6.72 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद किया गया। इस प्रकार दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 10.30 ग्राम चिट्टा/हेरोइन, 02 मोबाइल फोन, 02 दोपहिया वाहन एवं बिक्री की नगदी रकम सहित कुल 4 लाख 22 लाख 200 रुपए का मशरूका जब्त किया गया। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। आरोपी मादक पदार्थ के मुख्य सप्लायर से चिट्टा/हेरोइन प्राप्त कर दुर्ग-भिलाई एवं रायपुर क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर घूम-घूमकर इसकी अवैध बिक्री करते थे। कारोबार के लिए दोपहिया वाहनों का उपयोग किया जाता था तथा मोबाइल फोन के माध्यम से आपसी संपर्क एवं बिक्री संबंधी गतिविधियां संचालित की जाती थीं।
उक्त कार्रवाई में चौकी स्मृतिनगर पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मुखबिर सूचना पर त्वरित कार्रवाई, आरोपियों से पूछताछ एवं प्राप्त जानकारी के आधार पर मुख्य सप्लायर तक पहुंचकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने में पुलिस टीम का समन्वित प्रयास सराहनीय रहा। दुर्ग पुलिस आम नागरिकों, विशेषकर युवाओं एवं अभिभावकों से अपील करती है कि नशे के अवैध कारोबार एवं मादक पदार्थों के सेवन से दूर रहें। अपने आसपास मादक पदार्थों की बिक्री, तस्करी अथवा सप्लाई की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। नशे के विरुद्ध अभियान में दुर्ग पुलिस का सहयोग करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।





