भगवान बिरसा मुंडा की 151 वीं जयंती पर रायगढ़ में जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन
प्रधानमंत्री मोदी बोले- नक्सलियों ने किया जनजातीय समाज का सबसे ज्यादा नुकसान
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में भगवान बिरसा मुंडा की 151 वीं जयंती पर जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन किया जा रहा है। दशहरा मैदान में आयोजित समारोह में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शामिल होने वाले थे, कोहरे के कारण उनका हेलिकॉप्टर तय स्थान पर लैंड नहीं हो सका है। इसके बाद वे वर्चुअली कार्यक्रम में जुड़े। कार्यक्रम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल संबोधन किया। इस दौरान उन्होंने नक्सल मुक्त छत्तीसगढ़ का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि नक्सली हिंसा ने सबसे ज्यादा नुकसान हमारे जनजातीय समाज का ही किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जनजातीय गौरव दिवस की घोषणा के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार जताया।
पीएम मोदी ने कार्यक्रम को वर्चुअल संबोधित करते हुए कहा कि नक्सली हिंसा ने सबसे ज्यादा नुकसान हमारे जनजातीय समाज का ही किया। 2014 में देश के करीब सवा सौ जिले माओवाद, नक्सलवाद से पीडि़त थे। हर साल हिंसा की सैकड़ों घटनाएं होती थी। इन घटनाओं में हजारों निर्दोष लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी। इनमें बहुत बड़ी संख्या हमारे आदिवासी भाई बहनों की थी। लेकिन माओवाद, नक्सलवाद प्रभावित लोगों को, उस सरकारों के द्वारा, उस जमाने में, इन मेरे भाई-बहनों को उनके नसीब पर छोड़ दिया गया था। उनके अधिकार छीन लिए गए थे और सब मुंह पर ताला लगाकर बैठे थे। सब चुप रहते थे।
पीएम ने कहा कि पिछली सरकारें आंख बंद करके बैठी रहती थी। गरीब मां के सामने से उनके छोटे-छोटे बच्चों को यह माओवादी, नक्सलवादी छीनकर के ले जाते थे और कोई कुछ नहीं कर पाता था। नक्सली हमारे घर की बेटियों को उठाकर ले जाते थे। सब बेबसी में तड़प कर रह जाते थे। साथियों, आज जब वो माओवाद, नक्सलवाद खत्म हुआ तो वो मां, मेरी जनजातीय समाज की माताएं बहनें आज हमें अनेक-अनेक आशीर्वाद दे रही हैं। वो बहन हमें आशीर्वाद दे रही है जो आज अपने आप को सुरक्षित महसूस कर रही है। पीएम ने कहा कि जिसका बचपन छीन लिया गया था, वो अब युवा बनकर हमारे साथ जुड़ रहा है। उसको पढ़ाई के अवसर मिल रहे हैं। रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। जनजातीय समाज के भाई बहनों को मतदान तक नहीं करने दिया जाता था। तब की सरकारें मुखदर्शक बनी रहती थी।
पीएम मोदी ने दी जनजातीय गौरव दिवस की सौगात : सीएम साय
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जनजातीय समाज के गौरव भगवान बिरसा मुंडा को सम्मान देते हुए जनजातीय गौरव दिवस की सौगात दी। आज उन्होंने कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित कर हमें गौरवान्वित किया है। पीएम मोदी ने जनजातीय समाज के विकास के लिए कई कदम उठाए। उन्होंने धरती आभा ग्राम उत्कर्ष योजना की शुरुआत की। जनजातीय समाज के विकास के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कई योजनाएं शुरू की हैं। सीएम साय ने भगवान बिरसा मुंडा को याद करते हुए कहा कि उन्होंने 25 वर्ष की आयू में अंग्रेजो के खिलाफ मोर्चा खोला। अंग्रेजों की गोलियों का मुकाबला उन्होंने तीर धनुष से किया। हमेशा में जनजातीय समाज के हक के लिए लड़ते रहे।
डिप्टी सीएम अरूण साव ने छत्तीसगढ़ी में दिया भाषण
डिप्टी सीएम अरूण साव ने छत्तीसगढ़ी में भाषण दिया। उन्होंने कहा कि देश ला आजाद कराए बर हजारों लाखों की संख्या में आदिवासी समाज के बेटा बेटी मन अपन जान के बाजी लगाकर ये देश ला आजाद कराई। छत्तीसगढ़ में भी शहीद वीर नारायण सिंह, गुंडाधर जैसे नायक मन देश-देश की आजादी के लिए समाज के नेतृत्व करे के काम, अंग्रेज मन के तानाशाही और जुल्म के खिलाफ समाज के साथ मिलकर लड़ाई लड़े के काम करे हे। लेकिन आदिवासी समाज ला जतका सम्मान ये देश के अंदर मिल ना रही से आजादी के बाद पुराना सरकार मन कोई नई दिन और जब भी भारतीय जनता पार्टी के सरकार बनी से आदिवासी समाज के मानसम्मान और गौरव ला बढ़ाए के काम होए हे। आज नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश आगे बढ़थे।
नितिन नवीन बोले- जनजातीय संस्कृति देश की पहचान
कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय संस्कृति देश की पहचान है। भगवान बिरसा मुंडा के नेतृत्व में आदिवासियों ने अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष किया। उन्होंने वीर नारायण सिंह, गैंद सिंह और वीर गुंडाधुर के बलिदान को याद किया। तिलका मांझी, सिद्धू-कान्हू, बुद्धू भगत, टंट्या भील और लक्ष्मण नायक सहित देशभर के जनजातीय नायकों को किया नमन। जनजातीय समाज के संघर्ष और बलिदान ने देश की आजादी की लड़ाई को मजबूती दी
आदिवासी समाज जल, जंगल और जमीन को पूजता है : सांसद साहू
केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू बोले- आदिवासी समाज का इतिहास स्वर्णिम अक्षरों में लिखा गया है। यह समाज प्रकृति, जल, जंगल और जमीन को पूजता है। भगवान बिरसा मुंडा ने मात्र 25 साल की उम्र में अंग्रेजों के खिलाफ विद्रोह किया और जल, जंगल, जमीन के अधिकारों के लिए उलगुलान आंदोलन चलाया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया, ताकि आदिवासी समाज के योगदान को सम्मान मिल सके। देश को पहली आदिवासी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मिलीं और छत्तीसगढ़ में आदिवासी मुख्यमंत्री बनाया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना, मुफ्त राशन और शौचालय निर्माण जैसी योजनाओं के माध्यम से गरीब और आदिवासी परिवारों को सम्मानजनक जीवन देने का काम किया गया।





