राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में तबादले के बाद टीआई सुरेन्द्र स्वर्णकार को साथी पुलिस जवानों ने ऐसी बिदाई दी जिसे वे जीवनभर याद रखेंगे। जिले के डोंगरगढ़ थाने में पदस्थ निरीक्षण सुरेन्द्र स्वर्णकार का बिलासपुर तबादला हुआ है। रिलीव होने पर साथी पुलिस जवानों ने जोरदार विदाई दी। इस दौरान फूलों से सजी कार में उन्हें बिठाया गया और बैंड बाजे के साथ पुलिस जवानों ने नाचते झूमते उन्हें विदाई दी।

टीआई स्वर्णकार को विदाई देता यह वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। इनके चारों ओर पुलिस कर्मी नाचते गाते भांगड़ा कर रहे हैं। टीआई स्वर्णकार लगभग 10 माह पदस्थ रहे और इस दौरान इनके व्यवहार ने साथी पुलिस कर्मियों का दिल जीत लिया है। टीआई स्वर्णकार ने अपने कार्यकाल के दौरान थाना परिसर में भगवान शिव व हनुमान का मंदिर भी बनवाया है। हनुमान जन्मोत्सव के दिन मंदिर प्राण प्रतिष्ठा भी करवाई।




