सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के सीतापुर की 3 युवतियां प्लेसमेंट पर नौकरी के लिए चेन्नई गई और अब वहां से निकल नहीं पा रही हैं। वे घर वापस आना चाह रही हैं लेकिन उन्हें जाने नहीं दिया जा रहा है। तीनों युवतियों ने वीडियो जारी कर मदद की गुहार लगाई है। वीडिया सामने आने के बाद सीतापुर विधायक ने युवतियों की सकुशल वापसी का भरोसा दिलाया है।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम भरतपुर बेलजोरा की रहने वाली प्रतिमा, राधा और जगेश्वरी ने जशपुर में सिलाई प्रशिक्षण लिया था। उन्हें प्रशिक्षण के बाद चेन्नई में रोजगार दिलाने का वादा किया गया था। यह भी आश्वासन दिया गया था कि काम पसंद न आने पर वे वापस लौट सकती हैं। इसी भरोसे पर तीनों युवतियां चेन्नई चली गईं। युवतियों के अनुसार, उन्हें चेन्नई पहुंचाने वाले लोग अब संपर्क में नहीं हैं। वे उनके फोन भी नहीं उठा रहे हैं। युवतियों का आरोप है कि कार्यस्थल से उन्हें घर जाने की अनुमति नहीं मिल रही है। घर जाने की इच्छा जताने पर उन्हें 10-10 हजार रुपये जमा करने को कहा गया है। उन्होंने घर लौटने के लिए ट्रेन टिकट भी बुक करा लिए हैं, लेकिन उन्हें वहां से निकलने नहीं दिया जा रहा है।
पीड़ित युवतियों ने वीडियो संदेश के माध्यम से मदद मांगी है। उन्होंने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से सुरक्षित वापसी की अपील की है। सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो को मामले की जानकारी मिली। उन्होंने सरगुजा पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल से चर्चा की। विधायक ने युवतियों की सकुशल वापसी सुनिश्चित करने का आग्रह किया। विधायक ने पुलिस प्रशासन को मामले से अवगत करा दिया है। युवतियों को सुरक्षित वापस लाने के प्रयास शुरू हो गए हैं। सूचना मिलते ही सरगुजा पुलिस भी सक्रिय हो गई है। पुलिस युवतियों के कार्यस्थल की जानकारी जुटा रही है। संबंधित व्यक्तियों के बारे में भी जानकारी एकत्र की जा रही है। पुलिस ने कहा है कि जल्द युवतियों को सकुशल वापस लाया जाएगा।




