रामनगर। दुर्लभ प्रजाति का जंगली जानवर चुथरौल यानी यलो थ्रोटेड मार्टिन उत्तराखंड के रामनगर के जंगल में नजर आया है। इस दुर्लभ प्रजाति के जानवर को अंतरराष्ट्रीय प्रकृति संरक्षण संघ (आईयूसीएन) ने अपनी लाल सूची में शामिल किया है। इसे खतरनाक शिकारी जानवर माना जाता है, जो अपने शिकार को नोच-नोचकर मार डालता है।
पीले और भूरे रंग में दिखने वाला चुथरौल छोटा जानवर है, लेकिन खतरनाक शिकारी है। ये दो या चार समूह में ही शिकार करते हैं। ये बहुत अवसरवादी होते है और अपने से पांच गुना शिकार को मारने से भी नहीं हिचकते हैं। पिछले साल ढिकाला के सांभर रोड पर इनके द्वारा बंदर को मारते हुए एक वीडियो काफी वायरल हुआ था।
इन्हें जमीन के अलावा पेड़ों पर भी शिकार करते देखा गया है। ये पेड़ों पर आसानी से चढ़ जाते हैं और 8-9 मीटर तक छलांग भी लगा सकते है। वाइल्ड लाइफ फोटोग्राफर के अनुसार लगातार शिकार होने के कारण आज इनकी संख्या कम हो रही है, जो चिंता का विषय है।
जहां तक कॉर्बेट व आसपास के जंगलों का सवाल है तो समय समय पर यहां इनकी उपस्थिति देखी गई है। यहां आज तक इनके शिकार का एक भी मामला प्रकाश में नहीं आया है, जो अपने आप में एक सुखद पहलू है।




