रायगढ़ Raigarh. छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में महिला की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। घटना बुधवार आधीरात के बाद लगभग 2 बजे की बताई जा रही है। महिला अपने बकरी की रखवाली के लिए घर के आंगन में सो रही थी तभी पड़ोसी ने उसे गोली मार दी और फरार हो गया। घटना की सूचना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मामला यहां के लैलूंगा थाना क्षेत्र का है। मृतक महिला की शिनाख्त दुगती बाई यादव (55) के रूप में हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार जिले के दियागढ़ गांव निवासी दुगती बाई यादव बुधवार की रात को अपने घर के आंगन में सो रही थी। बताया जा रहा है कि वह अपने बकरी की रखवाली के लिए बाहर सोई थी। आधी रात के बाद फायरिंग की अवाज गूंजी तो पास पड़ोस के लोग पहुंचे। दुगती यादव बिस्तर पर खून से लथपथ पड़ी थी। घटना की सूचना के बाद गुरवार की सुबह पुलिस मौके पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस ने आरोपी की पहचान कर ली है। पुलिस ने बताया कि दुगती बाई को उसके पड़ोसी ने गोली मारी है जो कि घटना के बाद से फरार है। हत्या ही सही वजह का पता नहीं है लेकिन माना जा रहा है कि मृतका दुगती का अपने पड़ोसी से पुराना विवाद चल रहा था। इधर पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए आसपास नाकेबंदी टाइट कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद हत्या की असल वजह सामने आएगी।




