जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में युवती का अश्लील वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। बदमाश ने पहले युवती को अपने प्यार के जाल में फंसाया और वाट्सएप वीडियो कॉल पर न्यूड होने का दबाव बनाने लगा। दबाव में लड़की ने बदमाश की बात मान ली तो उसने अश्लील वीडियो रिकार्ड भी कर लिया। इसके बाद वीडियो की आड़ में ब्लैकमेल कर रुपए की डिमांड करने लगा। तंग आकर लड़की ने पहले परिजनों को सारी बात बताई और उसके बाद थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद पुलिस ने बदमाश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार इसकी शुरुआत करीब चार साल पहले हुई थी। सोनू उर्फ वीरेंद्र लहरे की लड़की से पहचान हुई। किसी तरह से उसने लड़की का मोबाइल नंबर पता किया और कॉल करने लगा। कॉलिंग के जरिए उसने लड़की को प्रपोज कर दिया और शादी करने की इच्छा जताई। लड़की इसके झांसे में आ गई। इसके बाद बदमाश ने अश्लील वीडियो के लिए लड़की पर दबाव बनाना शुरू कर दिया। लड़की के मना करने पर उनके बीच के रिश्ते को परिजनों को बताने की धमकी देने लगा।
युवक की इस तरह धमकाने से लड़की डर गई और एक दिन उसने वाट्सएप वीडियो कॉल पर न्यूड हो गई। बदमाश युवक ने उसका वीडियो रिकार्ड कर लिया और उसके बाद युवती से रुपए की डिमांड करने लगा। रुपए नहीं देने पर बदमाश ने वीडियो उसके भाई व पिता को भेज दिया। इसके बाद परिजनों ने इसकी शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद आरोपी लगातार फरारी काट रहा था। इस बीच आरोपी सोनू उर्फ वीरेंद्र लहरे के उसके मामा के घर बेहरा पाली चौक पंतोरा में छिपे होने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।




