नई दिल्ली (एजेंसी)। भारत में एक दिन में कोविड-19 के 8,635 नए मामले सामने आए जो पिछले आठ महीने में सबसे कम हैं, वहीं करीब नौ महीने के बाद संक्रमण से मौत के दैनिक मामलों की संख्या भी 100 से नीचे पहुंच गई है। पिछले 24 घंटे में 8,635 नए मामले सामने आए है। इसके अलावा पिछले 24 घंटे में 100 से भी कम मौतों का आंकड़ा दर्ज किया गया है। एक दिन में कोरोना वायरस से 94 मरीजों की मौत दर्ज की गई है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देश में कुल कोरोना संक्रमिकों की संख्या बढ़कर 1,07,66,245 हो गई है। पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस से मरने वाले मरीजों का आंकड़ा 100 से भी कम है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 94 मरीजों ने इस खतरनाक वायरस के सामने अपना दम तोड़ा है। देश में कोविड-19 वायरस से अब तक 1.54 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने इसकी जानकारी दी।
इसके अलावा पिछले 24 घंटे में अस्पताल से 13,423 मरीज ठीक होकर डिस्चार्ज हो गए हैं। अब देश में कुल ठीक हुए मरीजों का आंकड़ा 1,04,48,406 हो गया है। कोरोना के दैनिक मामलो में संक्रमित मामलों से ज्यादा डिस्चार्ज हुए मामलों की संख्या दर्ज की जा रही है, जिसकी वजह से कोरोना वायरस के सक्रिय मामलों में लगातार कमी आ रही है। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के अनुसार, एक फरवरी तक कुल 19,77,52,057 नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच की जा चुकी है। इनमें से 6,59,422 नमूनों का परीक्षण सोमवार को किया गया।
40 लाख लोगों को लगा कोरोना वायरस का टीका
मौजूदा समय में देश में 1.63 लाख से ज्यादा लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं टीकाकरण अभियान की बात करें तो अब देश में करीब 40 लाख लोगों को कोरोना वायरस का टीका लग चुका है। 16 जनवरी से देशभर में कोरोना वायरस के खिलाफ वैक्सीनेशन अभियान चलाया गया था, जिसके तहत अब तक 39,50,156 लोगों को टीका लग चुका है।
कोरोना ब्रेकिंग: पिछले आठ महीने में दर्ज हुए सबसे कम दैनिक मामले… सामने आए 8,635 नए केस…. 94 लोगों की गई जान




