नईदिल्ली। भारतीय नौसेना ने जुलाई 2026 बैच के लिए 10+2 बीटेक कैडेट प्रवेश योजना का नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है। भर्ती के लिए इच्छुक अभ्यर्थी 3 जनवरी, 2026 से 19 जनवरी, 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों ने भौतिकी, रसायन विज्ञान और गणित (PCM) विषयों के साथ 10+2 पास होना अनिवार्य है। यही नहीं उनकी जेईई (Main) 2025 में उपस्थित होना चाहिए।
इस भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने के लिए उम्मीदवारों की आयु 1 जुलाई 2026 को न्यूनतम 16½ वर्ष और अधिकतम 19½ वर्ष के बीच होनी चाहिए। आयु की गणना अभ्यर्थी के मैट्रिकुलेशन या माध्यमिक विद्यालय प्रमाण पत्र में दर्ज जन्म तिथि के आधार पर की जाएगी। किसी अन्य दस्तावेज के आधार पर आयु में बदलाव मान्य नहीं होगा। उम्मीदवारों का चयन जेईई (मेन) 2025 में प्राप्त अंकों के आधार पर किया जाएगा।
योग्य अभ्यर्थियों को कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) के लिए बुलाया जाएगा। इसके बाद सीबीटी में सफल उम्मीदवारों को निर्धारित केंद्रों पर एसएसबी साक्षात्कार के लिए आमंत्रित किया जाएगा। एसएसबी द्वारा अनुशंसित अभ्यर्थियों का विस्तृत चिकित्सा परीक्षण होगा और अंत में एसएसबी में प्रदर्शन और मेडिकल फिटनेस के आधार पर अखिल भारतीय मेरिट सूची के अनुसार अंतिम चयन किया जाएगा।
भारतीय नौसेना की 10+2 बी.टेक प्रवेश योजना 2026 में चुने गए उम्मीदवारों को केरल के एझिमाला में स्थित भारतीय नौसेना अकादमी में 4 साल का बी.टेक प्रशिक्षण दिया जाएगा। ट्रेनिंग के दौरान रहने, खाने और इलाज की पूरी सुविधा नौसेना की ओर से बिल्कुल मुफ्त मिलेगी। कोर्स पूरा होने के बाद उम्मीदवारों को भारतीय नौसेना में सब-लेफ्टिनेंट के पद पर स्थायी नौकरी दी जाएगी।




