भिलाई। आंध्र वासियों के महत्वपूर्ण पर्व उगादी के अवसर पर सेक्टर-6 डीएसएम तेलुगू स्कूल में भिलाई तेलगा समाज द्वारा उगादी मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर व्यंजन व पूजा की थाल सजावट तथा सोलह श्रृंगार स्पर्धा रखी गई। समाज की महिलाओं ने इसमें बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ऑल इंडिया तेलुगू कम्युनिटी वेलफेयर एसोसिएशन (तेलुगु सेना) प्रदेश अध्यक्ष छत्तीसगढ़ नीलम चन्नाकेशवालू सपत्निक शामिल हुई। इस अवसर पर भारत भूषण से सम्मानित बी पोलम्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रही।
तेलगा समाज की महिला समूह द्वारा आयोजित कार्यक्रम में आयोजित व्यंजन व पूजा की थाल सजाओं प्रतियोगिता में महिलाओं ने बढ़चढ़कर हिस्सा लिया। दक्षिण भारतीय व्यंजन प्रतियोगिता में कुल 36 प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजन बनाए गए। व्यंजनों में उगादी पर्व को ध्यान में रखते हुए स्वाद को जोड़ा गया। खीर से लेकर पुलिहोरा, गुलगुले से लेकर गुजिया तक इस व्यंजन प्रतियोगिता में देखने को मिले। इसी प्रकार पूजा की थाल सजाने में भी महिलाओं ने अपनी क्रिएटिविटी दिखाई। एक से बढ़कर एक पूजा की थाल सजाई गई। पूजा थाल की सजावट में भी उगादी पर्व की झलक दिखी।

स्वाति ने जीती व्यंजन प्रतियोगिता, रेवती का पूजा थाल बना बेस्ट
कार्यक्रम के दौरान आयोजित दक्षिण भारतीय व्यंजन प्रतियोगिता में सेक्टर-1 निवासी ए स्वाति ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं इस प्रतियोगिता में दूसरे स्थान पर रेवती रही। तृतीय पुरस्कार जयालक्ष्मी ने जीता और सांत्वना पुरस्कार श्यामला व अनुसुइया को मिला। इसी प्रकार पूजा की थाल सजाने में रेवती पहले स्थान पर रही। वहीं दूसरे स्थान पर श्यामला व निर्मला तथा तृतीय पुरस्कार जानू को मिला। इसी कड़ी में सोलह श्रृंगार प्रतियोगिता भी हुई। इस प्रतियोगिता में निर्मला ने प्रथम पुरस्कार जीता। वहीं दूसरा पुरस्कार सीएच नीतू को मिला। कार्यक्रम के दौरान पी लक्ष्मी ने शानदार गीत प्रस्तुत किया।

प्रतियोगिता के जजों के रूप में नीलम चन्नाकेशवालू व बी पोलम्मा ने निर्णय लिया। इस दौरान चन्नाकेशवालू ने कहा कि व्यंजन प्रतियोगिता में सभी ने स्वादिष्ट व्यंजन बनाए वहीं पूजा की थाल भी आकर्षक रही। इस दौरान उन्होंने समाज के लोगों को इस कार्यक्रम के आयोजन के लिए बधाई भी दी। इस कार्यक्रम में समाज के पूर्व अध्यक्ष सीएच डील्ली राव, पी रामा राव, संस्थापक राजेश्वर राव व वर्तमान अध्यक्ष डी मोहन राव के साथ समाज के सभी सक्रिय सदस्य एवं वरिष्ठ नागरिकों ने भागीदारी की। कार्यक्रम का सफल संचालन सीएच नीतू के साथ निर्मला, डी गोपी वेणी, के तुलसी आदि ने किया।




