नागपुर (एजेंसी)। महाराष्ट्र के बुलढाना में बीती रात नागपुर से पुणे जा रही एक बस डिवाइडर से टकराकर पलट गई। पलटने के बाद बस में आग लगी और 26 लोगों को की जिंदा समाधि बन गई। बस में 33 लोगों के सवार होने की बात कही जा रही है। यह घटना शुक्रवार आधी रात के बाद करीब दो बजे की है। बस से 25 शव निकाले गए हैं। मृतकों में तीन बच्चे भी शामिल हैं। इस हादसे में छह से आठ लोग घायल हैं। घायलों को बुलढाणा सिविल अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है। बस ड्राइवर बच गया है।

मिली जानकारी के अनुसार प्रत्यक्षदर्क्षियों ने बताया कि बस पहले नागपुर से औरंगाबाद की ओर जाने वाले रास्ते पर दाहिनी ओर एक लोहे के खंभे से टकराई। जिसके बाद ड्राइवर ने संतुलन खो दिया। इस दौरान बस रोड के बीच बने कंक्रीट के डिवाइडर से टकराकर पलट गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने यह भी बताया कि बस बायीं तरफ पलटी, जिससे बस का दरवाजा नीचे आ गया। ऐसे में उसमें सवार लोग बाहर नहीं निकल सके। हादसे के दौरान बस से बड़ी मात्रा में डीजल सड़क पर फैल गय जिसके कारण बस में आग लग गई।
पीएम मोदी व अमित शाह ने जताया शोक
बस दुर्घटना को लेकर पीएम नरेंद्र मोदी ने भी मुआवजे का एलान किया है। उन्होंने ट्वीट में कहा, “महाराष्ट्र के बुलढाणा में हुई बस दुर्घटना से बहुत दुखी हूं। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उन लोगों के परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपनी जान गंवाई। घायल शीघ्र स्वस्थ हों। स्थानीय प्रशासन प्रभावितों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है। बस दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को 2 लाख रुपए और घायलों को 50,000 रुपए PMNRF से दिए जाएंगे।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में हुआ सड़क हादसा हृदयविदारक है। दुःख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं इस भीषण हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के साथ हैं। ईश्वर से उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। इस घटना को लेकर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शोक जताया है। उन्होंने दुर्घटना में जान गंवाने वालों के परिजनों के लिए पांच लाख रुपये के मुआवजे का एलान किया है।
बस मालिक ने भी जताया घटना पर दुख
बस के मालिक वीरेंद्र डारना ने इस घटना पर दुख जताते हुए बताया कि यह उनके परिवार की बस थी। इसे 2020 में लिया गया था। यह बस पूरी तरह से नई है, जिसके दस्तावेज पूरी तरह से ठीक हैं। बस के चालक के पास भी अच्छा अनुभव है। चालक के अनुसार बस का टायर फटने से बस डिवाइडर पर चढ़ गई और अत्यंत ज्वलनशील पदार्थों ने आग पकड़ ली। हमारी सूची के मुताबिक बस में करीब 27 यात्री थे।




