जम्मू (एजेंसी)। दक्षिण कश्मीर के अवंतीपोरा के त्राल बस स्टैंड पर शनिवार को आतंकवादियों ने ग्रेनेड हमला किया। इस हमले में आठ नागरिक घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि बस स्टैंड त्राल में आतंकवादियों ने एसएसबी के जवानों पर ग्रेनेड फेंका। गनीमत रही कि निशाना चूक गया और ग्रेनेड सड़क पर फट गया।
इस घटना में आठ नागरिकों को मामूली चोटें आई हैं। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया है। उधर, हमले के तुरंत बाद पूरे इलाके की घेराबंदी कर हमलावरों को पकडऩे का अभियान शुरू कर दिया गया है। एसपी अवंतीपोरा ने भी इस हमले में आठ नागरिकों के घायल होने की पुष्टि की है।
इससे पहले नए साल के पहले दिन आतंकियों ने शुक्रवार की शाम शहर के छानपोरा इलाके के लाल नगर बाईपास पर सुरक्षा बलों पर ग्रेनेड हमला किया था। यहां तैनात एसएसबी के जवानों को आतंकियों ने निशाना बनाकर ग्रेनेड हमला किया था। हालांकि इस हमले में कोई नुकसान नहीं हुआ।




