कोलकाता। पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार के शपथ से पहले सुवेंदु अधिकारी के पर्सनल असिस्टेंट (PA) चंद्रनाथ रथ (42 साल) की बुधवार रात को गोली मारकर हत्या कर दी गई। बंगाल के नॉर्थ 24 परगना स्थित मध्यमग्राम में चंद्रनाथ रथ की स्कार्पियो को रोककर अज्ञात हमलवरों ने फायरिंग की और फरार हो गए। घटना रात लगभग 10.30 बजे की बताई जा रही है। चुनाव नतीजों के बाद हुए हत्याकांड को टारगेट किलिंग कहा जा रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार घटना तब हुई जब चंद्रनाथ रथ अपनी स्किर्पियो से लौट रहे थे। वह ड्राइविंग सीट के बगल में बैठे थे। उनके साथ ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति भी था। कोलकाता से करीब 20 किलोमीटर दूर डोलतला से मध्यमग्राम के बीच एक कार पीछे से आई और स्कॉर्पियो के सामने जाकर रास्ता रोक दिया। फिर एक बाइक पर हमलावर आया और स्कॉर्पियो की बाईं तरफ से 6 से 10 राउंड फायरिंग की। चंद्रनाथ को 4 गोलियां लगीं। इनमें दो गोलियां सीने से आर-पार हो गईं। एक गोली पेट में लगी। ड्राइवर बुद्धदेब बेरा को भी गोली लगी। घटना के बाद हमलावर कार छोड़कर बाइक से फरार हो गए। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां चंद्रनाथ को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। ड्राइवर की हालत गंभीर है। घटना के बाद भाजपा ने TMC पर घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया है।
बिना नंबर की बाइक पर थे हमलावर
चश्मदीदों ने पुलिस को बताया कि हमले में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल पर कोई रजिस्ट्रेशन प्लेट नहीं थी। घटनास्थल से बरामद गोलियों के खोखे इस बात का संकेत मिले हैं कि हमले में किसी छोटे पिस्टल का इस्तेमाल किया गया होगा। हालांकि “फॉरेंसिक जांच से पता चलेगा कि हमले में किस तरह के हथियार का इस्तेमाल किया गया था। कार की खिड़की पर गोलियों के निशान दिखाई दिए, जो हमले की भयावहता को दर्शाते हैं। पश्चिम बंगाल के डीजीपी सिद्धार्थ नाथ गुप्ता ने कहा है कि इस मामले से जुड़ी गाड़ी को जब्त कर लिया है, उसमें से चले हुए कारतूस और जिंदा गोलियां बरामद की हैं। संदिग्धों की आवाजाही का पता लगाने के लिए पुलिस की टीमें आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही हैं।
कई सालों से सुवेंदु के साथ थे चंद्रनाथ
चंद्रनाथ रथ को सुवेंदु अधिकारी का भरोसेमंद सहयोगी माना जाता था और वे कई सालों से उनके साथ करीब से जुड़े हुए थे और वे राजनीतिक कामों में सक्रिय रूप से शामिल थे, जिसमें हाई-प्रोफ़ाइल भवानीपुर चुनाव भी शामिल है। बीजेपी की सीनियर लीडर कीया घोष ने दावा किया कि चंद्रनाथ को उनकी सियासी भूमिका की वजह से निशाना बनाया गया। उन्होंने कहा, “चंद्रनाथ ने सुवेंदु अधिकारी के लिए बहुत मेहनत से काम किया और यह कोई अचानक हुई घटना नहीं है. इस हत्या के पीछे राजनीतिक रंजिश हो सकती है।




