अमृतसर। पंजाब की फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) की एक छात्रा से कथित रेप की सूचना सोशल मीडिया ग्रुप्स में तेजी से वायरल हुई। वायरल सूचना के बाद यूनिवर्सिटी के छात्र भड़क गए गए और रात भर हंगामा किया। छात्रों ने न सिर्फ यूनिवर्सिटी में तोड़फोड़ की बल्की आगजनी भी की। छात्रों ने यूनिवर्सिटी कैंपस में तोड़फोड़ की और एक हिस्से में आग लगा दी। यूनिवर्सिटी के मुख्य गेट पर हंगामे के बाद छात्रों ने दिल्ली-अमृतसर नेशनल हाईवे पर धरना देकर ट्रैफिक जाम कर दिया। इधर इस मामले में एसएसपी का कहना है कि जांच में रेप का कोई मामला सामने नहीं आया है।
इस मामले में छात्रों की शिकायत पर जी 3 हाॅस्टल में रहने वाली एक छात्रा के साथ दुष्कर्म के आरोप में अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया गया है। डीआईजी नवीन सिंगला ने कहा कि दुष्कर्म की एफआईआर दर्ज कर ली गई है। उन्होंने कहा कि स्टूडेंट्स ने कहा है कि एफआईआर कॉपी मिलते ही हाईवे का जाम खोल दिया जाएगा। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने भी दुष्कर्म के आरोपों को बेबुनियाद बताया। साथ ही स्टूडेंट्स से अपील की है कि वे अफवाह पर ध्यान न दें और किसी भी प्रदर्शन या धरने में भाग न लें। वहीं एसएसपी गौरव तूरा का कहना है कि जांच में दुष्कर्म का कोई मामला सामने नहीं आया है।



