रायपुर। छत्तीसगढ़ में ऑनलाइन अटेंडेंस के मामले में लापरवाही बरतने पर लोक शिक्षण संचालनालय ने 19 जिलों के शिक्षा अधिकारियों का नवंबर माह का वेतन रोकने आदेश जारी किया है। डीपीआई द्वारा अक्टूबर माह के प्रारंभ में उन शिक्षकों तथा कर्मचारियों की जानकारी मांगी गई थी, जिनके द्वारा ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं कराई जा रही है। निर्धारित अवधि में जानकारी प्राप्त नहीं होने पर रिमाइंडर नोटिस भी भेजा गया इसके बाद भी जिला शिक्षा अधिकारियों ने जानकारी नहीं भेजी। यही नहीं आनॅलाइन हाजिरी नहीं लगाने वाले शिक्षक-कर्मचारियों के अतिरिक्त ऐसी शालाएं जहां के एक भी कर्मचारी ऑनलाइन हाजिरी नहीं लगा रहे हैं, उनकी भी जानकारी मांगी गई। इसकी भी जानकारी जिला शिक्षा कार्यालयों द्वारा डीपीआई को नहीं भेजी गई।
गौरतलब है कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 से शासकीय विद्यालयों में कार्यरत शैक्षणिक व गैर-शैक्षणिक दोनों ही स्टाफ के लिए ऑनलाइन उपस्थिति अनिवार्य कर दी गई है। लगातार आदेश की अवहेलना किए जाने के कारण प्रदेश के 19 जिला शिक्षा अधिकारियों का नवंबर माह का वेतन रोकने आदेश जारी किया गया है। जारी आदेश में रायपुर सहित नारायणपुर, सरगुजा, कोण्डागांव, गरियाबंद, जांजगीर-चांपा, बलरामपुर-रामानुजगंज, सूरजपुर, धमतरी, कोरबा, दुर्ग, कबीरधाम, बस्तर, मुंगेली, सुकमा, बालोद, दन्तेवाड़ा, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर व कोरिया के जिला शिक्षा अधिकारियों के वेतन रोकने आदेश जारी किए गए हैं। डीपीआई ने अपने आदेश में लिखा है कि छग के समस्त जिला शिक्षा अधिकारियों को शिक्षकों के साथ-साथ जिले के अंतर्गत संचालित ऐसी शालाएं, जहां के एक भी कर्मचारी द्वारा वीएसके ऐप में अपनी उपस्थिति दर्ज नहीं कराई गई है, से संबंधित जानकारी गूगल शीट में प्रविष्ट किए जाने का निर्देश दिया गया था।





