बिलासपुर। बिलासपुर-नागपुर-बिलासपुर वंदेभारत एक्सप्रेस पर पथराव के मामले थमते नहीं दिख रहे हैं। एक बार फिर से वंदेभारत एक्सप्रेस पर पथराव हुआ। इस बार पथराव नागपुर के कामठी रेलवे स्टेशन के पास हुआ। घटना के बाद पुलिस ने आसपास के कुछ बदमाश लड़कों को पकड़ा। इन लड़कों ने पथराव की बात भी मानी। आनन फानन में इनके माता पिता पहुंचे तो लड़कों समझाइश देकर छोड़ा गया। यह भी चेतावनी दी गई कि आगे से बच्चे पथराव में पकड़े गए तो पैरेंट्स पर कार्रवाई की जाएगी।

वंदेभारत एक्सप्रेस पर पथराव की यह घटना रविवार की बताई जा रही है। दोपहर 2:10 बजे अपने निर्धारित समय पर रवाना होने के बाद ट्रेन अपनी रफ्तार से आगे बढ़ रही थी। इसी दौरान कामठी रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन पर पथराव किया गया। पत्थर लगने से कोच सी-6 के विंडो का शीशा टूट गया। इसकी जानकारी मिलने के बाद आरपीएफ ने मौके पर जाकर जांच की और इस दौरान पता चला कि ट्रेन के जाते समय गांव के कुछ लड़के यहां खेलते हुए पथराव कर रहे थे।
आरपीएफ ने गांव से लगभग एक दर्जन से ज्यादा लड़कों को उठाया और आरपीएफ थाने ले आई। परिजनों को इसकी जानकारी हुई तो वे भी दौड़े-दौड़े आरपीएफ थाने पहुंची। पैरेंट्स की मौजूदगी में पुलिस ने बच्चों के मातापिता को समझाइश दी। इस दौरान चेतावनी दी गई की आगे इस प्रकार के मामले सामने आएंगे तो पैरेंट्स पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं पैरेंट्स ने भी अपनी ओर से आरपीएफ को भरोसा दिलाया कि ऐसा दोबारा नहीं होगा।




