भिलाई। शहर की ट्रैफिक पुलिस को अब स्मार्ट जैकेट मिल गया है। बेतरतीब ट्रैफिकिंग को कंट्रोल करने के लिए बनाए गए इस विशेष स्मार्ट जैकेट का सोमवार शाम को एसपी डॉ अभिषेक पल्लव ने शुभारंभ किया। एसपी पल्लव ने खुद जैकेट पहनी और इसके विशेषताओं को परखा। एसपी पल्लव भी स्मार्ट जैकेट की खूबियों देख हैरान रह गए। इस दौरान उन्होंने कहा इस जैकेट की मदद से यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
पटेल चौक दुर्ग में पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक पल्लव द्वारा सर्वप्रथम स्मार्ट ट्रैफिक जैकेट का ट्रायल लिया गया। इस स्मार्ट टैफिक जैकेट एवं टोपी में एलईडी लाईट के साथ रिसीवर लगा हुआ है और सिग्नल में ट्रांसमीटर लगा हुआ है। जिसके कारण चौक में लगे सिग्नल के लाईट का कलर बदलते ही जैकेट में भी कलर बदलता है। इस जैकेट के प्रयोग से दूर से आ रहे वाहन चालको को ड्यूटी पर तैनात जवान आसानी से दिखाई देगा। वाहन चालक सीधे देखकर चलने से सिग्नल जंप नहीं करेगा। वाहन चालको को ट्रैफिक पुलिस आसानी से दिखाई देने पर ड्यूटी पर तैनात जवान भी सुरक्षित रहेगा।
इस स्मार्ट ट्रैफिक जैकेट का निर्माण पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सतीष ठाकुर, सनानंद विध्यराज, उप पुलिस अधीक्षक, (यातायात) के नेतृत्व में बीआईटी कॉलेज के आर श्रीनिवास, (इलेक्ट्रीसियन विभाग), राजकुमार, इलेक्ट्रीसियन के द्वारा 03 दिवस के भीतर तैयार किया गया है। इस जैकेट का इस्तेमाल करने वाला दुर्ग जिला प्रदेश का पहला जिला है। इसके सफल ट्रायल के बाद इसने यातायात जवानों को उपलब्ध कराया जाएगा और आगे प्रदेश के दूसरे जिलों में इसका इस्तेमाल किया जाएगा।




