भिलाई। केंप-2 संत रविदास नगर वार्ड में रविवार को लंबे बवाल के बाद पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी की मूर्ति लगा दी गई। प्रशासन व पुलिस की मौजूदगी में मूर्ति लगने के बाद गार्डन को धारा 145 CRPC के तहत सील कर दिया गया। अब गार्डन में मूर्ति का अनावरण समिति के निर्णय के बाद होगा। कलेक्टर की अध्यक्षता वाली इस कमेटी के सामने इस इस मामले को पेश करने की बात कही गई है।
बता दें आज केंप-2 वार्ड 37 के अंतर्गत बीएसपी की भूमि पर निर्मित गार्डन में भाजपा नेता व कार्यकर्ता पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की मूर्ति लगाने पहुंचे थे। इसके लिए यहां एक समारोह का आयोजन किया गया। इससे पहले की मूर्ति लगाते स्थानीय लोगों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। विरोध के बीच छावनी थाना प्रभारी नवी मोनिका पाण्डेय भी दलबल के साथ मौके पर पहुंची और लोगों को समझाइश दी। लेकिन देखते ही देखते यहां विवाद और बढ़ गया। इसके बााद मौके पर नगर पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार पहुंचे और उन्होंने मोर्चा संभाला।
परमीशन नहीं दिखा सके भाजपा के लोग
मूर्ति स्थापना के लिए पहुंचे भाजपा नेताओं के पास उक्त भूमि पर मूर्ति लगाने के लिए बीएसपी का परमीशन ही नहीं था। उन्होंने मौके पर एक पत्र दिखाया जो कि भिलाई निगम के मदर टेरेसा नगर जोन के जोन आयुक्त द्वारा भिलाई इस्पात संयंत्र को परमीशन देने बाबत् लिखा गया है। इस मामले में सांसद विजय बघेल ने कहा कि बीएसपी के पास एनओसी के लिए लेटर भेजा गया लेकिन वहां से कोई जवाब नहीं आया। एक महीने तक यदि संबंधित जगह से जवाब नहीं आता है तो उसे सहमति ही माना जाता है।
घंटो चलता रहा बवाल
मूर्ति लगाने को लेकर शुरू हुआ बवाल काफी लंबा चला। सुबह से शाम हो गई लेकिन विवाद थमा नहीं। इस दौरान दो पक्षों के बीच झूमा झटकी भी हो गई। बीच बचाव करने पहुंचे सीएसपी छावनी प्रभात कुमार के साथ भी झूमा झटकी हुई। इसके बाद भी सीएसपी ने बड़ी ही सालीनता से पूरा मामला संभाला। इसके बाद भाजपा नेताओं का नेतृत्व करने सांसद विजय बघेल भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस की मौजुदगी में सांसद गार्डन में ही बैठे रहे। घंटो यहां तनाव बरकरार रहा। अंत में प्रशासन ने मूर्ति लगाने के बाद गार्डन को धारा 145 CRPC के तहत सील कर दिया। यहां पर 24 घंटे 4-1 का बल भी मौजूद रहेगा।
पुलिस ने बंद कराई आसपास की दुकाने
विवाद को देखते हुए पुलिस ने आसपास की सभी दुकानों को बंद करा दिया था। यह पूरा क्षेत्र जवाहर मार्केट, सर्कुलर मार्केट व लिंक रोड से लगा हुआ है और रविवार होने के कारण भीड़ भी काफी थी। पुलिस ने किसी भी अनहोनी की आशंका से सभी दुकानों को बंद करा दिया। इस दौरान कई भाजपा नेता विवादित स्थल की ओर जाने लगे लेकिन पुलिस ने सभी को रोक लिया और किसी को जाने नहीं दिया। अंत में गार्डन में बैठे सभी लोगों को बाहर कर उसे सील किया गया।
बनेगी समिति फिर होगा निर्णय
गार्डन सील करने के बाद मौके पर मौजूद एसपी डॉ अभिषेक पल्लव ने बताया कि गार्डन में अटल जी की मूर्ति स्थापना को लेकर विवाद की स्थिति थी । ऐसे मामलों के लिए कलेक्टर की अध्यक्षता में एक एनपावर्ड कमेटी बनी हुई है। इस विषय को उक्त कमेटी के सामने रखा जाएगा। फिलहाल यहां धारा 145 के तहत गार्डन को सील कर दिया गया है। कमेटी के निर्णय के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।




