भिलाई। नक्सल प्रभावित कांकेर जिले के अति संवेदनशील गांवों में अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए एसएसबी सेक्टर हेड क्वार्टर भिलाई 28 वीं बटालियन ने मिलकर हेल्थ कैंप लगाया। रमेश चंद्र फाउंडेशन दुर्ग और इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की विमंस विंग के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने विभिन्न गांव से पहुंचे मरीजों का निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें दवाइयां दी।


बता दें इस क्षेत्र में विशेषज्ञ डॉक्टरों की बहुत कमी है जिसके चलते एसएसबी लगातार यहां पर मेडिकल कैंप लगाता आ रहा है। इसी कड़ी कड़ी में रविवार 26 फरवरी को अंतागढ़ के कूचे गांव में स्वास्थ्य शिविर लगाया गया ।सशस्त्र सीमा बल के क्षेत्रीय मुख्यालय भिलाई की ओर से हुए इस कैंप में दुर्ग भिलाई के कई डॉक्टरों ने हिस्सा लिया। शिविर में कुल 114 मरीजों का इलाज किया गया ।
रमेश चंद्र फाउंडेशन की डायरेक्टर डॉ मानसी गुलाटी ने बताया कि इस शिविर में कई गंभीर मरीज भी सामने आए जिन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम में स्त्री रोग विशेषज्ञ, दंत रोग विशेषज्ञ , सामान्य चिकित्सा, सामान्य सर्जरी और बाल रोग विशेषज्ञ शामिल थे। 28वीं वाहिनी के एसएसबी चिकित्सा कर्मियों ने भी शिविर में अपना योगदान दिया। इस मौके पर 28 वीं बटालियन के कमांडेंट अरविंद कुमार , द्वितीय कमान अधिकारी क्षेत्रीय मुख्यालय भिलाई बांके बिहारी, द्वितीय कमान अधिकारी हरे राम साव, डिप्टी कमांडेंट श्रीपति पांडे अमरनाथ गुप्ता सहित कई अधिकारी मौजूद थे।




