राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में शुक्रवार देर रात मां-बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मामला जिले के डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र के चौथना गांव की है। अज्ञात हमलावर ने घर में घुसकर मां और बेटे पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में दोनों की मौत हो गई, जबकि बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। हमले में घायल बेटी को ग्रीन कॉरिडोर बनाकर रायपुर रेफर किया गया। घटना के बाद पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।
मिली जानकारी के मुताबिक चौथना गांव निवासी कमला सोनकर व उसके हमेंद्र सोनकर पर अज्ञात हमलावर ने धारदार हथियार से वार किया। इस हमले में मां और बेटे की मौत हो गई, जबकि बेटी ममता सोनकर गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद हमलावर मौके से भाग निकला। जिस समय यह घटना घटी तब कमला सोनकर का पति घर पर नहीं था। गांव के लोगों ने वारदात की जानकारी पुलिस को दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल ममता को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोंगरगढ़ में भर्ती कराया। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उसे रायपुर रेफर कर दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।




