जगदलपुर। छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष संजय अग्रवाल के जगदलपुर प्रवास के दौरान शांति नगर स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में प्रातःकालीन योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नगर के योग प्रेमियों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने उपस्थित नागरिकों से मुलाकात की तथा योग, स्वास्थ्य और बेहतर जीवनशैली से जुड़े विभिन्न विषयों पर संवाद किया।
कार्यक्रम में योग शिक्षिका एवं प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर पूजा साहू द्वारा मंच से योगाभ्यास कराया गया। उन्होंने विभिन्न योगासनों, प्राणायाम एवं श्वास नियंत्रण की बारीकियों से प्रतिभागियों को अवगत कराया। साथ ही नियमित योगाभ्यास के माध्यम से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने, तनाव कम करने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी।

पूजा साहू ने बताया कि किस प्रकार सही तरीके से श्वास लेने, उस पर नियंत्रण रखने और नियमित योगाभ्यास को दैनिक दिनचर्या में शामिल करने से शरीर को स्वस्थ एवं मन को शांत रखा जा सकता है। उन्होंने योग की छोटी-छोटी बारीकियों को समझाते हुए इसे केवल व्यायाम नहीं, बल्कि बेहतर और संतुलित जीवन जीने की एक महत्वपूर्ण पद्धति बताया।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने योग प्रेमियों एवं उपस्थित नागरिकों से संवाद करते हुए नियमित योगाभ्यास को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि योग के प्रति जागरूकता और सामूहिक सहभागिता से समाज में स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार किया जा सकता है।
कार्यक्रम में देवीलाल पटेल, निज सचिव, गौरव देवांगन, सहायक लेखाधिकारी, पूजा साहू, योग शिक्षिका एवं प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर, डॉ. दुर्गा साहू, प्रेग्नेंसी योग विशेषज्ञ तथा चंचल डिक्सेना, मार्शल आर्ट ट्रेनर सहित बड़ी संख्या में योग प्रेमी एवं नगरवासी उपस्थित रहे।





