PMLA प्राधिकरण ने कुर्की को दी मंजूरी, ईडी का दावा- शराब घोटाले की कमाई से खरीदे थे प्लॉट
रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले में ईडी ने बड़ी कार्रवाई की है। ईडी ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल से जुड़ी दुर्ग जिले के कुम्हारी स्थित विट्ठल ग्रीन कॉलोनी के 355 प्लॉट जब्त कर लिए हैं। कार्रवाई के बाद कॉलोनी के मेन गेट पर नोटिस भी चस्पा किया गया है। यह कार्रवाई शनिवार को की गई। ईडी का दावा है कि विट्ठल ग्रीन कॉलोनी के प्लॉट शराब घोटाले की रकम से खरीदी गई थी। ईडी ने कुल 61 करोड़ की संपत्ति जब्त कर कॉलोनी गेट पर नोटिस चस्पा कर दिया है।
रियल एस्टेट प्रोजेक्ट विट्ठल ग्रीन कॉलोनी में कुल 385 प्लॉट हैं। इनमें से 30 प्लॉट पहले ही बिक चुके हैं, इसलिए उन्हें कार्रवाई से अलग रखा गया है। धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के निर्णायक प्राधिकरण से संपत्तियों की कुर्की को मंजूरी मिलने के बाद ईडी ने यह कार्रवाई की है। जांच एजेंसी के अनुसार, कथित शराब घोटाले से अर्जित अवैध रकम का इस्तेमाल इन संपत्तियों को खरीदने में किया गया था। मौके पर मौजूद ईडी के अधिकारियों ने बताया कि विट्ठल कॉलोनी में कुल 385 प्लॉट हैं। इनमें से 30 प्लॉट पहले ही बिक चुके हैं, इसलिए उन्हें कार्रवाई से बाहर रखा गया है। ईडी ने बाकी 355 प्लॉटों पर अपना कब्जा कर लिया है। जब्त संपत्तियों में एक व्यावसायिक प्लॉट भी शामिल है। अधिकारियों के मुताबिक ये संपत्तियां शराब घोटाले से कमाई गई कथित अवैध रकम से जुड़ी है।
इस आदेश की प्रतियां चैतन्य बघेल के भिलाई-3 स्थित मानसरोवर आवासीय परिसर के घर की बाहरी दीवार पर भी चस्पा की गई थीं। आदेश में भिलाई-3 में करीब 1 करोड़ 64 लाख 87 हजार रुपए से अधिक कीमत की संपत्ति, भिलाई का आवासीय मकान, दुर्ग की व्यावसायिक संपत्ति, बैंक में जमा रकम और फिक्स्ड डिपॉजिट के अलावा पाटन तहसील के ग्राम कुरुडीह में स्थित कृषि भूमि का भी उल्लेख है। हालांकि पीएमएलए के आदेश के खिलाफ चैतन्य बघेल के पास अपील का विकल्प भी है। वे निर्धारित 45 दिनों के भीतर अपीलीय न्यायाधिकरण में ऑनलाइन अपील कर सकते हैं।





