कोंडागांव। छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष संजय अग्रवाल के बस्तर प्रवास के दौरान कोंडागांव स्थित सर्किट हाउस में जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में योग, आयुर्वेद एवं भारतीय चिकित्सा पद्धतियों को अधिक प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाने तथा आने वाले समय में इस दिशा में बेहतर पहल करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में कोंडागांव जिले की कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
बैठक के दौरान योग एवं आयुष सेवाओं के विस्तार, शासकीय चिकित्सालयों में योग और आयुर्वेद से संबंधित सुविधाओं को बेहतर बनाने, छात्रावासों एवं आश्रमों में निवासरत विद्यार्थियों तक योग की नियमित गतिविधियां पहुंचाने तथा आम नागरिकों को भारतीय चिकित्सा पद्धतियों के प्रति जागरूक करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि योग को केवल एक नियमित अभ्यास तक सीमित न रखते हुए इसे जनस्वास्थ्य, जीवनशैली और सामाजिक जागरूकता के महत्वपूर्ण माध्यम के रूप में विकसित किया जाए।

छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने बैठक में जिला स्तरीय योग समिति के गठन की प्रस्तावित योजना की जानकारी देते हुए बताया कि जिले में योग गतिविधियों को संगठित, नियमित एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिला स्तरीय योग समिति गठित करने की दिशा में पहल की जाएगी। प्रस्तावित समिति में जिले के कलेक्टर अध्यक्ष तथा जिला आयुष अधिकारी सचिव की भूमिका में रहेंगे। इसके साथ ही पांच अन्य सदस्यों को शामिल करने का प्रस्ताव है। समिति में आर्ट ऑफ लिविंग, ब्रह्माकुमारी, विहंगम योग सहित योग एवं आध्यात्मिक गतिविधियों से जुड़े विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों को शामिल करने पर विचार किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार की समिति के माध्यम से जिले में योग के प्रचार-प्रसार, नियमित योग शिविरों के आयोजन, शैक्षणिक संस्थानों एवं छात्रावासों में योगाभ्यास, स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के सहयोग से व्यापक स्तर पर गतिविधियां संचालित करने में मदद मिलेगी। इसका उद्देश्य प्रशासन, आयुष विभाग और सामाजिक संगठनों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर योग को आमजन की दिनचर्या का हिस्सा बनाना है।
बैठक में कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने जिले की आवश्यकताओं और उपलब्ध संसाधनों को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक सुझाव दिए। उन्होंने योग एवं आयुष से जुड़ी गतिविधियों को योजनाबद्ध तरीके से संचालित करने, विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने तथा ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों तक इन सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही चिकित्सालयों में योग एवं आयुर्वेद से संबंधित सुविधाओं को और बेहतर बनाने तथा छात्रावासों एवं आश्रमों में विद्यार्थियों के लिए उपयोगी गतिविधियां संचालित करने के संबंध में भी सुझाव साझा किए।

बैठक में इस बात पर भी चर्चा हुई कि जिले में उपलब्ध आयुष संसाधनों, योग प्रशिक्षकों, स्वास्थ्य सेवाओं और सामाजिक संस्थाओं की सहभागिता का बेहतर उपयोग किस प्रकार किया जा सकता है, ताकि अधिक से अधिक लोगों को योग एवं भारतीय चिकित्सा पद्धतियों का लाभ मिल सके। आगामी समय में इन विषयों को लेकर कार्ययोजना तैयार करने और प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक पहल करने पर सहमति व्यक्त की गई।
इस अवसर पर अरुण कुमार साह, सहायक अधीक्षक, देवीलाल पटेल, निच सचिव, पूजा साहू, योग प्रशिक्षिका एवं प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर, डॉ. दुर्गा साहू, प्रेग्नेंसी योग विशेषज्ञ तथा चंचल डिक्सेना , मार्शल आर्ट ट्रेनर सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक का प्रमुख उद्देश्य कोंडागांव जिले में योग एवं आयुष गतिविधियों को नई दिशा देना, भारतीय चिकित्सा पद्धतियों को प्रोत्साहित करना और प्रशासनिक सहयोग एवं सामाजिक सहभागिता के माध्यम से योग को जन-जन तक पहुंचाने के लिए एक प्रभावी व्यवस्था विकसित करना रहा।





