भिलाई. सेल चेयरपर्सन सोमा मंडल तीन दिवसीय दौरे पर गुरुवार की देररात भिलाई पहुंची। एक साल बाद सेल चेयरपर्सन का भिलाई दौरा है। वे भिलाई स्टील प्लांट में कामकाज की समीक्षा करेंगी। साथ ही शुक्रवार को देवबलौदा भी जाएंगी। जहां पुरातत्व से जुड़ी वस्तुओं को सहेजने का काम अपने जिम्मे लेने की सेल योजना बना रहा है।

शिव दर्शन करेंगी
शुक्रवार को सेल चेयरपर्सन सबसे पहले सेफ्टी एक्सीलेंट सेंटर जाएंगी। इसके बाद ब्लास्ट फर्नेस 7, सिंटर प्लांट 3 ओएचबी बी का अवलोकन करेंगी। 10.30 बजे देव बलौदा जाएंगी। यहां शिव दर्शन के साथ ही पुरातत्व से जुड़ी वस्तुओं का अवलोकन करेगी। सेल की योजना हैरिटेज से जुड़े इस स्थान को गोद लेने की है ताकि उसे बेहतर ढंग से सहेजा जा सके।
स्थानीय नेताओं से करेंगी मुलाकात
देव बलौदा से लौटने के बाद सेक्टर 9 अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट, आइसीयू, कैथलैब का दौरा और वार्ड में मरीजों से बातचीत करेंगी। इसके बाद इस्पात भवन में सेल चेयरमैन और डायरेक्टर टेक्नीकल एके सिंह से स्टील एग्जीक्यूटिव फेडरेशन ऑफ इंडिया-सेफी व बीएसपी आफिसर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधियों, ट्रेड यूनियन नेताओं की भी बातचीत होगी। प्लांट के परफार्मेंस की समीक्षा करेंगी। शाम 7 बजे राजहरा जाएंगी। यहां शनिवार को माइंस प्रबंधन के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद दिल्ली जाने के लिए रायपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना हो जाएंगी। इस दौरान कई अन्य से भी वे मुलाकात करेंगी।




