बेंगलूरू (एजेंसी)। कर्नाटक में विधानसभा चुनाव से पहले वहां राजनीतिक हलचल शुरू हो चुकी है। इसी बीच पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के नेता सिद्धारमैया ने दावा किया है कि येदियुरप्पा को सीएम पद से हटाया जा रहा है। सिद्धारमैया ने यह दावा किया है कि आरएसएस येदियुरप्पा को मुख्यमंत्री पद से हटा देना चाहती है।
सिद्धारमैया ने दावा करते हुए कहा कि येदियुरप्पा को इस साल अप्रैल महीने में हटा दिया जाएगा। वहीं शनिवार को कर्नाटक दौर पर रह गृह मंत्री अमित शाह ने कहा था कि ना केवल बीएस येदियुरप्पा अपना मौजूदा कार्यकाल पूरा करेेंगे बल्कि अगले चुनाव में भाजपा बहुमत के साथ दोबारा सरकार बनाएगी।
अमित शाह ने कर्नाटक दौर के दौरान शनिवार को कहा था कि मैं कांग्रेस नेताओं के बयान पढ़ रहा हूं, कर्नाटक में यह होगा, वह होगा लेकिन मैं राज्य में हर किसी को बताना चाहता हूं कि भाजपा सरकार ना सिर्फ ये पांच साल का कार्यकाल पूरा करेगी बल्कि अगले चुनाव में भी पूर्ण बहुमत के साथ वापस आएगी। अमित शाह ने इस बयान के बाद विपक्षी पार्टी के नेता सिद्धारमैया ने कहा कि भले ही अमित शाह येदियुरप्पा के नाम पर मुहर लगाए गए हों लेकिन राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ चाहता है कि अप्रैल महीने के बाद बीएस येदियुरप्पा को मुख्यमंत्री के पद से हटा दिया जाए।
बता दें कि कर्नाटक में भाजपा के अंदर ही उठापटक चल रही है। हाल ही में बीएस येदियुरप्पा ने अपने मंत्रिमडल का विस्तार किया था लेकिन उसमें कई विधायकों को मंत्री पद नहीं मिला था, जिसके बाद वो खासे नाराज चल रहे थे। हालांकि रविवार को अमित शाह ने येदियुरप्पा की सार्वजनिक तौर पर काफी तारीफ की थी। उन्होंने कहा कि सरकार ने किसानों के हित के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं और केंद्र की सभी योजनाओं को अपने यहां लागू किया है। बता दें कि गृह मंत्री अमित शाह हाल में कर्नाटक दौरे पर थे।




