नई दिल्ली (एजेंसी)। भारत में कोरोना की रफ्तार लगातार धीमी पड़ रही है। बीते 24 घंटों में देश के अंदर संक्रमण के कुल 53 हजार 256 नए मामले आए हैं। 88 दिनों बाद पहली बार ऐसा हुआ है जब कोरोना के इतने कम नए केस दर्ज किए गए। इसके साथ ही देश में कुल संक्रमितों की संख्या 2 करोड़ 99 लाख 35 हजार 221 हो गई। बीते 24 घंटे में देश म ें1422 लोगों की मौत हो गई है। इसके साथ ही देश में कुल मौतों की संख्या 3 लाख 88 हजार 135 तक पहुंच गई है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटे के अंदर कोरोना के 78 हजार 190 मरीज ठीक हुए हैं। लगातार 39वें दिन ठीक होने वाले मरीजों की संख्या नए मामलों से ज्यादा है। देश में अब तक 2 करोड़ 88 लाख 44 हजार 199 लोग कोरोना की जंग जीत चुके हैं। अब कोरोना के सक्रिय मामले भी घटकर 7 लाख 2 हजार 887 पर आ गए हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ो के मुताबिक देश में कोरोना से ठीक होने वालों की दर 96.36 फीसदी हो गई है। दैनिक संक्रमण दर भी 3.83 फीसदी तक पहुंच गई है। यह लगातार 14 दिनों से 5 फीसदी से नीचे है। साप्ताहिक संक्रमण दर भी अब 3.32 फीसदी है। आईसीएमआर के मुताबिक, भारत में कल कोरोना वायरस के लिए 13 लाख 88 हजार 699 सैंपल टेस्ट किए गए, कल तक कुल 39,24,07,782 सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं।
देश में कोरोना से राहत का दौर जारी: 88 दिनों बाद 53 हजार नए केस, 24 घंटे में गई 1422 मरीजों की जान




