कबीरधाम। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में सोमवार को दुष्कर्म पीडिता ने आत्मदाह करने का प्रयास किया। युवती केरोसीन लेकर पहुंच गई और खुद पर छिड़कते हुए आत्मदाह का प्रयास किया। मौके पर मौजूद महिला पुलिस कर्मियों ने युवती को रोका। युवती का आरोप है कि पंडरीतराई पुलिस उसकी शिकायत पर कारवाई नहीं कर रही है। यही नहीं युवती ने थाना प्रभारी पर भी आरोप लगाए।

कबीरधाम जिले के एसपी कार्यालय में उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवती केरोसीन का कैन लेकर आत्मदाह करने पहुंच गई। सोमवार दोपहर बाद करीब 3 बजे युवती एसपी कार्यालय पहुंची और खुद पर केरोसीन डाल लिया। पुलिसकर्मियों ने देखा तो युवती को रोका और किसी तरह से समझाकर शांत कराया। युवती ने आरोप लगाया कि ग्राम मंझोली निवासी अबरार खान ने शादी का झांसा देकर उससे दुष्कर्म किया।
युवती ने बताया कि अबरार उसे रायपुर के एक लॉज में लेकर गया और वहां दुष्कर्म किया। इस दौरान उसके परिजन भी पहुंच गए और उसके साथ गाली गलौच व मारपीट की। युवती का कहना है कि पंड़रीतराई पुलिस ने उसकी शिकायत के बाद पहले तो कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद एसपी कार्यालय में आवेदन देने के बाद केवल अबरार पर एफआईआर दर्ज की गई जबकि उसके साथ मारपीट करने वाले उसके परिजनों को छोड़ दिया गया।
पीडिता ने बताया कि अबरार के रायपुर निवासी रिश्तेदार कादिर खान, इमरार, सहजाद, दिलशाद, मोहम्मद शमसीर आदि ने उसके साथ मारपीट की थी। इससे पहले पीडिता ने इस मामले में रायपुर प्रेस क्लब में प्रेसवार्ता लेकर भी अपना दर्द बताया था। इस पूरे मामले में एसपी अभिषेक पल्लव कहना है कि युवती के पुलिस पर आरोप निराधार है। युवती की शिकायत पर एफआईआर भी हुई और आरोपी अबरार को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं युवती ने मारपीट की घटना रायपुर में हुई है और रायपुर में मामला दर्ज है। समझाइश के बाद युवती को रायपुर भेज दिया गया है।




