रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा साल 2022 में टिकट दलालों पर सख्ती बरती गई। सालभर में रेलवे द्वारा 96 टिकट दलालों को पकड़ा गया। इनके पास से 28 लाख 86 हजार 68 रुपए रुपए के 2825 यात्रा टिकटों को जब्त किया गया। हाल ही में रेसुबल पोस्ट मनेन्द्रगढ द्वारा खोंगापानी चिरमिरी के सुविधा सर्विस नामक दुकान के संचालक सुजीत कुमार को अवैध टिकटों के व्यापार करते पकड़ा और 143 के तहत कार्रवाई की गई।

रेलवे प्रशासन द्वारा यात्रियों को टिकट काउण्टरों में लगने वाली कतारों से निजात दिलाने, शीघ्र टिकट उपलव्ध कराने एवं कैशलेस प्रणाली को बढावा देने, आईआरसीटीसी के माध्यम से घर बैठे पर्सनल आईडी से स्वयं की आरक्षित यात्रा टिकट बनाने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है । इस सुविधा को लाभ में बदलने के लिए कुछ लोगों द्वारा विशेषकर त्यौहारी सीजन, समर वेकेशन के दौरान अपने पर्सनल आईडी से रेल यात्रा टिकट बनाकर अधिक मूल्य बेचे जाने की शिकायतें मिली रही थी। अवैध व्यापार करने वाले टिकट दलालों पर नकेल कसने महानिरीक्षक-सह-प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त के मार्गदर्शन में वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त के निर्देशन में बिलासपुर मंडल के सभी आरपीएफ पोस्ट प्रभारियों द्वारा नियमित रूप से अभियान चलाकर अवैध टिकट दलालों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है |




