रायपुर Raipur. मोदी सरनेम वालों को चोर कहने के मामले में राहुल गांधी को मिली दो साल की सजा के बाद शुक्रवार को उनकी सांसदी भी छिन गई। शुक्रवार को सुबह से ही इस मामले में कांग्रेस पार्टी भाजपा व केन्द्र सरकार पर हमलावर है। इस बीच सांसदी जाने के बाद राहुल गांधी का भी बयान सामने आया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा है कि वह भारत की आवाज के लिए लड़ रहे हैं और इसके लिए हर कीमत चुकाने को तैयार हैं। उन्होंने लिखा, “मैं भारत की आवाज़ के लिए लड़ रहा हूं. मैं हर कीमत चुकाने को तैयार हूं।”
बता दें राहुल गांधी वायनाड से सांसद थे। कल तक वे सांसद थे और आज पूर्व सांसद हो गए हैं। मोदी सरनेम वालों को चोर कहने के मामले में राहुल गांधी को मिली दो साल की सजा के बाद शुक्रवार को लोकसभा सांसद का उनका पद छिन गया है उनकी सांसदी रद्द कर दी गई है। इसके बाद से ही बवाल मचा हुआ है। राहुल गांधी के बयान के बाद छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी ने ट्वीट किया है। उन्होंने कहा है कि भारत माता का आशीर्वाद और भारत की जनता आपके साथ है। लोकतंत्र जीतेगा-तानाशाही हारेगी।
इससे पहले कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने प्रेस कांफ्रेंस करते हुए कहा कि राहुल गांधी निर्भीक होकर बोल रहे हैं, उन्होंने समाजिक, आर्थिक, राजनीतिक मुद्दों पर खुलकर बोला है। वो इसी का परिणाम भुगत रहे हैं। वो तो तथ्य पर बात करते हैं, फिर चाहे नोटबंदी पर रहे। चीन पर रहे या जीएसटी, उन्होंने लगातार सवाल उठाए हैं। इसी वजह से सरकार उनकी आवाज दबाने के लिए ये सब कर रही है. राहुल विदेश जाते हैं, फर्जी राष्ट्रवाद के नाम पर उन्हें बोलने नहीं दिया जाता।




