गाजियाबाद Gajiyabad. सड़क पर दो वाहन चालाते समय हेलमेट लगाना अनिवार्य होता है और हेलमेट न लगाने पर पुलिस को कार्रवाई का अधिकार है। यदि पुलिस ही बिना हेलमेट दो पहिया वाहन चलाने लगे तो उन पर कार्रवाई कौन करे। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में सोमवार को रात को ऐसा ही एक नजारा दिखा जिसमें दो पुलिस कर्मी बाइक पर बिना हेलमेट के जा रहे थे। इस बीच मां-बेटी ने उनका पीछा किया और चलते-चलते ही उसकी क्लास लगा दी। मां-बेटी वीडियो बनाते हुए पुलिस कर्मियों से सवाल कर रहे थे कि आप लोगों का हेलमेट कहां है। मां-बेटी के सवाल से परेशान पुलिस कर्मी भागने लगे। सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में देखा जा सकता है दो पुलिसकर्मी बिना हेलमेट के बाइक पर सवार दिख रहे हैं। जबकि इनके पीछे स्कूटी पर मां-बेटी हैं और पुलिस वालों का वीडियो बना रही हैं। वो इनसे लगातार यातायात नियमों के बारे में सवाल कर रही हैं। इन मां-बेटी ने पुलिस वालों से कहा कि क्या यातायात के नियमों का पालन केवल आम लोग की करें। बिना हेलमेट लगाए शर्म नहीं आ रही? ये जोर-जोर से चिल्लाते हुए पूछती हैं, ‘कहां हैं हेलमेट तुम्हारे? अब शर्म नहीं आ रही?’
इस दौरान पुलिसकर्मियों ने सायरन बजाना शुरू कर दिया। उन्होंने मां-बेटी को कोई जवाब नहीं दिया। वीडियो बाद में इंटरनेट पर वायरल हो गया। बताया जा रहा है कि मां-बेटी ने करीब एक किलोमीटर तक पुलिसकर्मियों का पीछा किया। इस दौरान मां बेटी ने पुलिस कर्मियों को डूब मरो, नियम क्या हमारे लिए है, पुलिस वालों के लिए नहीं हैं आदि बाते बोलती रहीं। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस की तरफ से एक्शन लिया गया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चालान काटा है।




