भिलाई। 15 दिन पहले अंडा थाना क्षेत्र में 12 साल के बच्चे का शव मिला था। बच्चे की हत्या कर शव को नदी के पास फेंक दिया गया था। इस मामले में लंबी छानबीन के बाद पुलिस आखिरकार आरोपी तक पहुंच गई है। हत्यारा कोई और नहीं बल्कि पड़ोस के पति पत्नी निकले। हत्या की वजह भी चौंकाने वाली है। बताया जा रहा है पति-पत्नी तंत्र साधना में लिप्त हैं और इसी वजह से मासूम की बली चढ़ा दी। हालांकि पुलिस ने इस मामले में अधिक जानकारी नहीं दी। मंगलवार को मामले का खुलासा किया जाएगा।
बता दें 24 अक्टूबर की सुबह लगभग 9 बजे पुलिस को ग्राम रुदा में नदी किनारे नर्सरी के पास एक बोरे में बच्चे की लाश मिली थी। शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने शव की शिनाख्त 12 साल के समीर साहू के रूप में की थी। इसके बाद पुलिस ने इस मामले में आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस को हत्या की गुत्थी सुलझाने में काफी पापड़ बेलने पड़े। लगभग 15 दिन की मशक्कत के बाद पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने इस मामले में बच्चे के पड़ोस में रहने वाली दंपती को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि पूरा मामला तंत्र मंत्र से जुड़ा हुआ है। एसपी अभिषेक पल्लव ने आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है।




