भिलाई। पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर बुधवार को प्रथम वाहिनी, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, भिलाई परिसर स्थित शहीद स्मारक प्रांगण में पुलिस स्मृति दिवस परेड का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देश की आंतरिक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था की रक्षा तथा आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस महानिरीक्षक, दुर्ग रेंज, दुर्ग श्री अभिषेक शांडिल्य द्वारा पुलिस स्मृति दिवस परेड की सलामी ली गई तथा शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा को नमन किया गया। इस अवसर पर एसएसपी विजय अग्रवाल, उप पुलिस महानिरीक्षक किरण गंगाराम चौहान पुलिस अधीक्षक बालोद, त्रिलोक बंसल पुलिस अधीक्षक बेमेतरा तथा नीरज चन्द्राकर, सेनानी, प्रथम वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, भिलाई सहित अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारी एवं शहीद पुलिसकर्मियों के परिजन उपस्थित रहे। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
शहीद पुलिसकर्मियों ने नक्सल विरोधी अभियानों, आतंकवाद के विरुद्ध कार्रवाई, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा नागरिकों की सुरक्षा जैसे चुनौतीपूर्ण दायित्वों का निर्वहन करते हुए अपने प्राणों का बलिदान दिया। उनका त्याग पुलिस बल के प्रत्येक सदस्य को कर्तव्य के प्रति निष्ठावान रहने, कठिन परिस्थितियों में धैर्य एवं साहस के साथ कार्य करने और नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की प्रेरणा देता है। पुलिस स्मृति दिवस केवल शहीदों को याद करने का अवसर नहीं, बल्कि पुलिस बल के कर्तव्य, अनुशासन, सेवा और जनसुरक्षा के प्रति संकल्प को दोहराने का भी अवसर है। शहीद जवानों का सर्वोच्च बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा।




