नई दिल्ली (एजेंसी)। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज देश के नौ करोड़ किसानों के खाते में 18 हजार करोड़ की सम्मान निधि हस्तांतरित करेंगे। भाजपा ने इसे उत्सव के रूप में मनाने का फैसला किया है। इसके लिए उसकी ओर से आयोजित कार्यक्रमों में एक करोड़ किसानों की भागीदारी सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है।
वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान मोदी छह राज्यों के किसानों से संवाद भी करेंगे और किसान सम्मान निधि और किसानों के कल्याण के लिए सरकार द्वारा की गई अन्य पहल के बारे में अपने अनुभव साझा करेंगे। इस दौरान केंद्रीय मंत्री, सांसद, विधायक और सभी निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के साथ अन्य भाजपा नेता देश भर में पार्टी की ओर से आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे और किसानों से संवाद भी करेंगे।
भाजपा ने यह कार्यक्रम ऐसे समय में तय किया है कि जब दिल्ली की विभिन्न सीमाओं पर किसान पिछले चार सप्ताह से अधिक समय से तीन कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं। साथ ही देश में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती भी मनाई जा रही है। वर्ष 2014 में सत्ता में आने के बाद से भाजपा इस दिन को सुशासन दिवस के रूप में मनाती है।
पीएम मोदी आज नौ करोड़ किसानों के खाते में भेजेंगे 18 हजार करोड़ की सम्मान निधि, भाजपा मनाएगी उत्सव




