नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज इंडियन चैम्बर ऑफ कॉमर्स (आईसीसी) के 95वें सालाना कार्यक्रम को संबोधित किया। सरकार का लक्ष्य कोरोना संक्रमण को रोकने के साथ-साथ अर्थव्यवस्था को फिर से पटरी पर लाना है। कार्यक्रम में पीएम मोदी ने कहा कि इस आपदा को अवसर में परिवर्तित करना है, इसे हमें देश का बहुत बड़ा टर्निंग प्वाइंट भी बनाना है।
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि कोविड-19 से पूरी दुनिया लड़ रही है और भारत भी इसमें पीछे नहीं है। पर हर देशवासी अब इस आपदा को अवसर में बदलने की इच्छाशक्ति के साथ काम कर रहा है। पीएम मोदी ने देशवासियों और उद्योग जगत से अपील की जिस क्षेत्र में भारत पिछड़ा हुआ है वहां आत्मनिर्भर बनने का यही मौका है। उन्होंने कहा कि आज हमारे मन में एक बड़ा काश बन रहा है।
पीएम ने बताया, भारतीयों के मन में हैं कितने काश….
मोदी ने कहा कि आज हर भारतीय के जेहन में यह सवाल होगा कि काश हम मेडिकल उपकरण बनाने के क्षेत्र मे आत्मनिर्भर हो जाएं। काश हम कोयला और खनिज सेक्टर में आत्मनिर्भर हो जाएं। काश हम खाने के तेल के उत्पादन में आगे बढ़े। फर्टिलाइजर के उत्पादन में काश भारत आत्मनिर्भर बन जाए। इलेक्ट्रॉनिक मैनिफैक्चर के क्षेत्र में काश भारत आत्मनिर्भर हो जाए। सोलर पैनल, बैट्री और चिप्स के निर्माण में भारत अपना पताका लहराए। उड्यन के क्षेत्र में भारत आत्मनिर्भर बने। तभी हम आगे बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि ऐसे कितने काश हमेशा से हर भारतीय को झकझोरते रहे हैं। बहुत बड़ी वजह रही है कि बीते 5-6 वर्षों में भारत की आत्मनिर्भरता का लक्ष्य सर्वोपरि रहा है। कोरोना संकट ने इसकी गति और तेज करने का सबक दिया है। इसी सबक से निकला है आत्मनिर्भर भारत अभियान।
मुसीबत की दवाई मजबूती है
उन्होंने कहा कि मुसीबत की दवाई मजबूती है। मुश्किल समय ने हर बार भारत की इच्छाशक्ति को मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि कोविड के बाद हमें आत्मनिर्भर भारत बनने की दिशा में आगे बढऩा होगा। हर भारतीय के मन में इस दिशा में कदम उठाने से पहले एक सवाल उठता होगा कि भारत इन-इन क्षेत्रों में भी आत्मनिर्भर हो जाए।
कोरोना को पछाड़ेंगे
पीएम ने कहा कि कोरोना के खिलाफ लड़ाई में हम पूरी शिद्दत से लगे हुए हैं और इसपर विजय पाकर रहेंगे। हमारे कोरोना योद्धा लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘हमें इस आपदा को अवसर में बदलना है। यह आपदा हमारे देश के लिए बड़ा टर्निंग पाइंट बना है। हम कोविड-19 को पछाड़कर इस दिशा में आगे बढ़ेंगे।




