भिलाई। दुर्ग रेलवे स्टेशन पर एक बड़ा हादसा टल गया। बरौनी-गोंदिया एक्सप्रेस में चढ़ते समय एक यात्री चलती ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंस गया। ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ के सहायक उप निरीक्षक निरंजन ने तत्परता दिखाते हुए यात्री की जान बचाई। यह घटना प्लेटफॉर्म चार पर हुई, जब बरौनी-गोंदिया एक्सप्रेस रवाना हो रही थी।

मिली जानकारी के अनुसार एक यात्री दुर्ग रेलवे स्टेशन पर बरौनी गोंदिया एक्सप्रेस पर जल्दबाजी में में चढ़ने का प्रयास कर रहा था। ट्रेन धीरे-धीरे गति पकड़ रही थी, तभी यात्री का पैर फिसल गया। वह प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच के अंतर में जा फंसा। घटना देखकर स्टेशन पर मौजूद लोगों की सांसें थम गईं और कुछ पल के लिए अफरा-तफरी मच गई। यात्री खुद को संभाल नहीं पाया और कुछ दूर तक घसीटता रहा।
प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। आरपीएफ के सहायक उप निरीक्षक निरंजन की नजर तुरंत फंसे हुए यात्री पर पड़ी। उन्होंने बिना देर किए ट्रेन को रुकवाया और तेजी से दौड़कर यात्री को बाहर खींच लिया। उनकी सतर्कता और बहादुरी से एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यात्री को सुरक्षित बाहर निकालकर जिला अस्पताल भेजा गया। यात्री सुरक्षित है और आरपीएफ जवान की सतर्कता से उसकी जान बच गई।




