भिलाई। महात्मा गांधी उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय के भूमिपूजन के अवसर पर पहुंचे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कलेक्ट्रेट कार्यालय के उन्नयन एवं भिलाई में ढाई करोड़ रुपए के लागत से आक्सीरीडिंग जोन के निर्माण की घोषणा भी की। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर स्वसहायता समूह की महिलाओं से चर्चा भी की। ग्राम केसरा की संतोषी निषाद ने मुख्यमंत्री को हिंदी और अंग्रेजी की मिश्रित शब्दों वाली छत्तीसगढ़ी में बताया कि लाकडाउन में हम लोगों ने अपनी बाड़ी में खूब सारा काम किया। इस दौरान बहुत एन्जाय किया। इसका परिणाम यह रहा कि हम लोगों को घर में सब्जी खाने तो मिली ही, हम लोगों ने पचास से साठ हजार रुपए की सब्जी बेची भी। मुख्यमंत्री ने संतोषी को शाबासी दी। संतोषी ने अपनी बाड़ी में उगाई सब्जी भी मुख्यमंत्री को दिखाई। संतोषी ने कहा कि आप स्वयं हमारी बाड़ी आकर देखेंगे तो आपको बहुत अच्छा लगेगा कि सरकार की प्रेरणा से और अधिकारियों की मदद से हम लोग कितना अच्छा काम कर रहे हैं।

ग्राम कौही की अमृता साहू ने बताया कि हम लोगों ने तीन महीने में पचास हजार रुपए की सब्जी बेची है। इसमें हरी सब्जी तो है ही, हम लोग बोरेंदा में मशरूम भी उपजा रहे हैं। अमृता ने मशरूम मुख्यमंत्री को दिखाया भी। मुख्यमंत्री ने सोनपुर गांव के जगनुराम ठाकुर से भी बातचीत की। जगनु राम ने बताया कि वे बाड़ी में भी ध्यान दे रहे हैं और मेड़ के किनारे फल भी लगा रहे हैं। उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों की मदद से उन्होंने कई तरह के फलों के बीज लिये और लगाये हैं। उन्होंने ऋषि बेर, एप्पल बेर, बनारस बेर के साथ ही आम और अमरूद की कई वैरायटी अपने खेतों के किनारे की मेड़ों में लगाई है। जगनु राम ने बताया कि अच्छा फायदा होता है बस कभी-कभी बंदर फल खा जाते हैं यही टेंशन है। उल्लेखनीय है कि शासन द्वारा इन किसानों को बढ़ावा देने के लिए ड्रिप वगैरह की सुविधा भी प्रदान की जा रही है।मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कहा कि उद्यानिकी की गतिविधियों को नया आयाम देने के लिए ही सांकरा में हार्टिकल्चर यूनिवर्सिटी की नींव रखी गई है। इससे न केवल किसान उद्यानिकी फसलों के लिए प्रेरित होंगे अपितु यहां होने वाली रिसर्च के माध्यम से वे बेहतर प्रौद्योगिकी से खेती कर पाएंगे।
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कहा कि कलेक्ट्रेट परिसर का उन्नयन भी किया जाएगा। साथ ही आज ठगड़ा बांध के सौंदर्यीकरण के साथ सड़कों के चौड़ीकरण के कार्य का भूमिपूजन भी किया गया है। भिलाई में आक्सीरीडिंग जोन ढाई करोड़ रुपए की लागत से बनाया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को काफी मदद मिलेगी। इस मौके पर पीडब्ल्यूडी मंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री ने दुर्ग और भिलाई शहर में अधोसंरचना और सौंदर्यीकरण के लिए विशेष तौर पर योजनाएं बनाने कहा था, इसके मुताबिक कार्य किया जा रहा है। विधायक श्री अरूण वोरा ने कहा कि ठगड़ा बांध के सौंदर्यीकरण से यह जगह महत्वपूर्ण पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होगी। यह मुख्यमंत्री की बड़ी सौगात है। विधायक श्री देवेंद्र यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा भिलाई शहर में बेहतर अधोसंरचना के लिए और विकास कार्यों के लिए लगातार स्वीकृति दी गई है। भिलाई में सर्वोत्तम अधोसंरचना और नागरिक सुविधाओं के लिए हर संभव कार्य किया जाएगा। इस मौके पर दुर्ग महापौर श्री धीरज बाकलीवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शालिनी रिवेंद्र यादव, उपाध्यक्ष श्री अशोक साहू सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। कृषि उत्पादन आयुक्त श्रीमती एम. गीता ने हार्टिकल्चर विश्वविद्यालय के बारे में विस्तार से बताया। इसके डिजाइन तथा यहां होने वाली सुविधाओं के बारे में विस्तार से बताया। इस मौके पर कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने आभार प्रस्तुत किया। एसपी श्री प्रशांत ठाकुर भी मौके पर उपस्थित थे।




