भुवनेश्वर (एजेंसी)। ओडिशा में कोरोना वायरस के मामलों में तेजी के बीच अब OYO होटल्स के कमरों में पेड आइसोलेशन की व्यवस्था की गई है। बढ़ते कोविड-19 मामलों को देखते हुए भुवनेश्वर नगर निगम ने असिम्पटिक मरीजों के लिए पेड आइसोलेशन के लिए कई OYO होटल के कमरों की पहचान की है। ओडिशा की राजधानी में भुवनेश्वर में बुधवार को रिकॉर्ड 370 कोरोना केस मिलने के बाद नगर निगम द्वारा इस संबंध में फैसला लिया गया।
बीएमसी द्वारा जारी एक आदेश में कहा गया है कि असिम्पटिक मरीज इन OYO होटल के कमरों का लाभ अधिकतम 10 दिनों तक के लिए उठा सकते हैं और इसके बाद ही वे सात दिनों के होम आइसोलेशन में जा सकते हैं।
बयान में आगे कहा गया है कि जितने दिन के लिए कोरोना मरीज OYO होटल में रहना चाहते हैं, उस कमरे के किराए का 50 प्रतिशत अग्रिम भुगतान करना होगा। उन्हें सभी कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन करना होगा और सेवा में सहयोग करना होगा।
इतना ही नहीं, वे बीएमसी के चिकित्सा अधिकारी के निर्देश को छोड़कर अपने कमरे से बाहर नहीं आ सकते हैं या कॉमन एरिया का इस्तेमाल नहीं कर सकते हैं। बयान में कहा गया है कि रोगियों को आवश्यक होने पर टेलीफोनिक चिकित्सा परामर्श प्रदान किया जाएगा।
मामला गंभीर होने की स्थिति में संबंधित चिकित्सा अधिकारी रोगी की स्वास्थ्य स्थिति का आकलन करने के लिए होटल का दौरा करेंगे और अगर आवश्यक होगा तो अस्पताल में भर्ती होने की सिफारिश कर सकते हैं।





