रायपुर। राजधानी रायपुर की पुलिस के हाथ नाइजीरिया का शातिर बदमाश आया है। यह बदमाश सोशल मीडिया साइड जैसे फेसबुक, वाट्सएप आदि के माध्यम से महिलाओं को झांसे में लेता और आसानी से उनके खाते कर देता था। पुलिस ने धोखाधड़ी के एक मामले में जांच की तो दिल्ली से ठगी के तार मिले। रायपुर पुलिस की एक टीम दिल्ली पहुंची और आरोपी को ट्रैक कर उसे गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर रायपुर लेकर पहुंची इसके बाद इस पूरे मामले का खुलासा हुआ।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार इस मामले में प्रार्थिया ने थाना सिविल लाइन में रिपोर्ट दर्ज कराया था। पीडिता ने बताया कि जनवरी 2023 में फेसबुक एकाउंट पर गांधी ए. दर्श नामक व्यक्ति की फ्रेंड रिक्वेस्ट मिली। फ्रेंड रिक्वेस्ट को प्रार्थिया ने स्वीकार कर लिया। इसके बाद से बदमाश व प्रार्थिया के बीच फेसबुक मैसेंजर जरिए चैटिंग होती रही। इसी दौरान उसने ने मैसेंजर में ठीक से बात नहीं होने का हवाला देते हुए अपना व्हाट्सएप नंबर +447438975051 नंबर प्रार्थिया को दिया और खुद को यूके का निवासी बताया। इसके बाद वाट्सएप के जरिए बातचीत होने लगी।
एक दिन बदमाश ने कहा कि वह प्रार्थिया के लिए गिफ्ट भेज रहा है। इस संबंध में गिफ्ट का फोटो और वीडियो भी भेजा। आरोपी ने खुद को पायलट होना बताकर 5 मार्च को दुबई से हवाई जहाज के माध्यम से कीमती बैग भेजने की बात कही। कहा कि इस बैग में गिफ्ट के रूप में 5 लाख रुपए और अन्य कीमती सामान है। गिफ्ट भेजने के नाम पर झांसे में लेकर 48 हजार 570 रुपए की ठगी की। इसके बाद लगातार वह गिफ्ट के नाम पर ठगी करता रहा।
महिला को जब अहसास हुआ तो उसने इस मामले की शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस हरकत में आई और आरोपी चुकुमा इमेके को दिल्ली से गिरफ्तार किया। आरोपी चुकुमा इमेके मूलतः नाइजीरिया का रहने वाला है। शातिर नाइजीरियन ठग पीड़िता को गुमराह करने के लिए अलग-अलग मोबाइल नंबर और व्यक्तियों के नाम से संपर्क करता था। पुलिस ने आरोपी के पास से 6 मोबाइल फोन, 2 पासपोर्ट, 2 लैपटॉप और 2 एटीएम कार्ड जब्त किया।




