गरियाबंद। जिले में पुलिस मुखबिरी के शक में ग्रामीण की नक्सलियों ने हत्या कर दी। ग्रमीण का शव गांव के बाहर फेंककर वहां एक पर्चा भी चस्पा किया गया। पर्चे के माध्यम से नक्सलियों ने कहा है कि मुखबिरी करने वालों को मौत की सजा मिलेगी। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेज दिया है। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच भी शुरू कर दी है। घटना गरियाबंद जिले के अमलीपदर थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार गरियाबंद जिला के अमलीपदर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ख़रीपदर में ग्रामीण रामदेर की हत्या कर लाश को सड़क किनारे फेंक दिया गया। वहीं पास में एक पर्चा भी चस्पा किया है। जिसमें मुखबीरी के शक में हत्या की बात कही गई है। एसडीओपी अनुज गुप्ता ने घटना की पुष्टि की है। शुरुआती जांच में मृतक के शरीर में चोट के निशान नहीं मिले हैं। ग्रामीण की गला घोंटकर हत्या की बात कही जा रही है। पुलिस ने कहा है कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद मौत की असली वजह का पता चल पाएगा।
जानिए नक्सलियों ने पर्चे में क्या लिखा
नक्सलियो ने मौके पर जो पर्चा चस्पा किया उसमें ग्रामीण पर आरोप लगाया है कि फरवरी 2023 में नक्सलियों के डेरे पर पुलिस का घेराव करवाया था। 200 से ज्यादा पुलिस के साथ नक्सलियों को खत्म करने के लिए योजना बना कर आए थे। इस दौरान कुछ मुखबिर और भी थे लेकिन रामदेर मुख्य मुखबिर था। रामदेर पार्टी और जनता के विरोध में काम कर रहा था एक बार इसे जन अदालत में समझाया गया, इसके बाद भी नहीं सुधरा इसलिए इसे भाकपा माओवादी उदंती एरिया कमेटी की ओर से मौत का सजा दिया गया है। उसके साथ जो और पुलिस मुखबिरी कर रहें उन को चेतावनी दिया जाता है कि अगर पार्टी और जनता के सामने आत्मसमर्पण नहीं करेंगे तो उनको भी मौत की सजा मिलेगी।




