नईदिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित इस वर्ष के राष्ट्रीय खेल पुरस्कार प्रदान किए। चयन समिति की सिफारिशों के पुनर्मूल्यांकन के बाद इस बार कुल 17 खिलाड़ियों को प्रतिष्ठित अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। पुरस्कार विजेताओं में हाल ही में विश्व कप जीतने वाली शतरंज खिलाड़ी दिव्या देशमुख, 2024 के शतरंज ओलंपियाड में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे विदित गुजराती, डेकाथलीट तेजस्विन शंकर और महिलाओं की युगल बैडमिंटन जोड़ी गायत्री गोपीचंद व त्रीसा जॉली का नाम शामिल हैं।
समारोह में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित रहने वाले प्रमुख खिलाड़ियों में दिव्या देशमुख, विदित गुजराती, राष्ट्रमंडल खेलों के रजत पदक विजेता मुक्केबाज नरेंद्र बेरवाल और युवा बधिर निशानेबाज धनुष श्रीकांत शामिल थे। पैरा-स्पोर्ट्स श्रेणी में इस बार केवल दो खिलाड़ियों पैरा क्लब थ्रोअर एकता भ्यान और निशानेबाज रुद्रांश खंडेलवाल को यह सम्मान मिला। इसके अलावा, वर्ष 1962 के एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता फुटबॉल टीम के सदस्य आई. अरुमनायगम को ‘लाइफटाइम अचिवमेंट’ श्रेणी में अर्जुन पुरस्कार से नवाजा गया।
कोचिंग के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए तीन कोचों को द्रोणाचार्य पुरस्कार दिया गया, जिनमें महिला राष्ट्रीय शिविर से जुड़े मुक्केबाजी कोच छोटे लाल यादव प्रमुख हैं। इसके साथ ही पुरुषों की राष्ट्रीय मुक्केबाजी टीम के कोच धर्मेंद्र यादव और कुश्ती कोच वीरेंद्र कुमार को ‘लाइफटाइम अचिवमेंट’ श्रेणी में द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित किया गया। मालूम हो कि अर्जुन पुरस्कार विजेता को 15 लाख रुपये की नकद राशि प्रदान की जाती है। पारंपरिक रूप से ये पुरस्कार महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती यानी 29 अगस्त को दिए जाते थे, लेकिन कोविड-19 महामारी के बाद से इसकी तारीख में निरंतरता नहीं रही है। इसके अलावा, पुणे स्थित ‘आर्मी पैरालंपिक नोड’ को ‘राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार’ दिया गया। लेफ्टिनेंट कर्नल दलजीत सिंह ने राष्ट्रपति के हाथों यह पुरस्कार ग्रहण किया।





