कोरबा। जिले के दीपका थाना क्षेत्र चलती मालगाड़ी पर पथराव का मामला सामने आया है। दीपका रेलवे क्रॉसिंग पर चलती मालगाड़ी के इंजन पर बदमाशों ने पथराव कर दिया, जिसमें लोको पायलट गंभीर रूप से घायल हो गया। लोको पायलट के सिर पर चोट आई है। पथराव करने के बाद बदमाश भाग गए। इस घटना के बाद रेलवे कर्मचारियों में भारी आक्रोश है और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की जा रही है।
जानकारी के अनुसार कोरबा रेलवे कॉलोनी निवासी लोको पायलट सुनील कुमार मालगाड़ी लेकर गेवरा खदान कोयला लोड करने के लिए जा रहे थे। जैसे ही मालगाड़ी दीपका रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंची, तभी अचानक अज्ञात लोगों ने इंजन पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। पथराव से इंजन के दरवाजे का कांच टूट गया और पत्थर सीधे लोको पायलट सुनील कुमार के सिर पर लगा। इससे उनके सिर पर गंभीर चोट आई और खून बहने लगा।
हादसे के बाद चलती मालगाड़ी को तत्काल रोकना पड़ा। घायल लोको पायलट ने इसकी सूचना अपने उच्च अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे और घायल पायलट को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। इस घटना के बाद काफी समय तक मालगाड़ी रेलवे ट्रैक पर खड़ी रही, जिससे रेल यातायात भी प्रभावित हुआ। रेलवे प्रशासन ने घटना को गंभीरता से लिया है। बताया जा रहा है कि रेलवे क्रॉसिंग के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।



