इंफाल (एजेंसी)। मणिपुर में हिंसा के बीच गुरुवार देर रात उपद्रवियों ने केन्द्रीय विदेश राज्य मंत्री आरके रंजन सिंह के कोंगबा स्थित आवास में आग लगा दी। गनीमत रही कि केंद्रीय मंत्री घटना के समय घर पर नहीं थे। वे केरल के दौरे पर हैं और आगजनी की सूचना मिलने के बाद उन्होंने कहा कि उनके गृह राज्य में जो हो रहा है उसे देखकर बहुत दुख होता है। उन्होंने शांति की अपील करते हुए कहा कि इस तरह की हिंसा में लिप्त लोग बिल्कुल अमानवीय हैं।
इससे पहले कुछ उपद्रवियों ने बुधवार को इंफाल पश्चिम के लाम्फेल क्षेत्र में एक मंत्री के घर को आग लगा दी थी। नेमचा किपगेन भाजपा और राज्य सरकार में मंत्री हैं। किपजेन 2017 से कांगपोकपी निर्वाचन क्षेत्र से मणिपुर विधानसभा की सदस्य हैं। गुरुवार रात को केन्द्रीय मंत्री के घर को जलाने के लिए उपद्रवी पेट्रोल बम लेकर पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि 20 ज्यादा पेट्रोल बम फेंके गए जिसके केन्द्रीय मंत्री के घर के भूतल व प्रथम मंजिल को नुकसान पहुंचा है। यहां तक की घर की बाउंड्री में खड़ी कार भी जला दी गई।
एक माह से बिगड़े हैं हालात
बता दें मणिपुर में मेइती और कुकी समुदाय के लोगों के बीच करीब एक महीने पहले भड़की हिंसा में कम से कम 100 लोगों की मौत हो चुकी है और 310 अन्य घायल हुए हैं। राज्य में शांति बहाल करने के लिए सेना और अर्धसैनिक बलों के जवानों को तैनात किया गया है। लगतार बढ़ रही हिंसा के बीच मणिपुर में इंटरनेट सेवाओं पर रोक की अवधि बढ़ा दी गई। अब राज्य में ब्रॉडबैंड सहित इंटरनेट निलंबन 20 जून तक बढ़ा दिया गया है।




