कबीरधाम। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में नाबालिग से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। मामला करीब 23 दिन पुराना है जिसमें पुलिस ने सोमवार को आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। दरअसल इस मामले में नाबालिग को बदमाश ने दुष्कर्म के बाद किसी को बताने पर जान से मार देने की धमकी दी थी इसलिए वह चुप रही। एक दिन पहले जब नाबालिग के पेट में दर्द उठा तो उसने परिजनों को सारी बात बताई। परिजनों ने नाबालिग के साथ पहुंचकर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई तब जाकर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
यह पूरा मामला कबीरधाम जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार नाबालिग लड़की 14 अप्रैल की सुबह करीब 4 बजे दैनिक कार्य के लिए खेत गई थी। इस दौरान उसी गांव का रहने वाला हेमचंद ऊर्फ लल्ला नवरंग ने उसका रास्ता रोका और खेत में ही उससे दुष्कर्म किया। यही नहीं घटना की जानकारी किसी को देने पर जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद लड़की घर लौट आई और डर के चलते किसी को नहीं बताया।
इसके बाद 5 मई की रात करीब 9 बजे उसके पेट में तेज दर्द हुआ। इसके बाद उसने परिजनों को सारी बात बताई। इसके बाद अगले दिन परिजनों के साथ थाने पहुंची और मामला दर्ज कराया। इस पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रविवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने नाबालिग से दुष्कर्म करने की बात मान ली है। पुलिस ने उसे सोमवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।




