रायपुर। आरक्षण विधेयक को राज्यपाल द्वारा रोके जाने विरोध में मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने राजधानी रायपुर में जन अधिकार महारैली का आयोजन किया है। महारैली में प्रदेश के दिग्गज नेता शामिल हुए। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा भी रायपुर पहुंची। महारैली के दौरान स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव का बड़ा बयान आया है। सिंहदेव ने कहा है कि यदि राज्यपाल निर्णय नहीं ले पा रही हैं तो उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए।

स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा कि आरक्षण बिल विधानसभा में पारित हो चुका है। 32 दिन बीतने के बाद भी राज्यपाल इसमें कोई निर्णय नहीं ले पा रही हैं। राज्यपाल को या तो विधेयक पर हस्ताक्ष्र कर देने चाहिए या फिर बिल वापस लौटा देना चाहिए। यदि कोई निर्णय नहीं ले पा रही हैं तो उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए। महारैली के दौरान कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे ने भी राज्यपाल से इस्तीफे की मांग की है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि राजभवन का संचालन एकात्म परिसर से हो रहा है।




