रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में ट्रेनों के मेंटेनेंस का यह आलम है कि बीच रास्ते में इंजन फेल होने लगे हैं। रविवार की शाम को ऐसा ही एक नजारा सरोना रेलवे स्टेशन में देखने को मिला। दरअसल रायपुर से डोंगरगढ़ तक जाने वाले मेमू लोकल ट्रेन का इंजन फेल हो गया। ट्रेन को सरोना स्टेशन में रोक दिया गया। यात्री इंतजार करते रहे कि ट्रेन अब निकलेगी तब निकलेगी। इस तरह 3 घंटे से ज्यादा समय तक ट्रेन सरोना रेलवे स्टेशन पर खड़ी रही। इस दौरान यात्रियों ने जमकर हंगामा किया। हंगामे के बाद रेलवे ने दूसरी ट्रेन भेजकर यात्रियों को रवाना किया।

मिली जानकारी के अनुसार रविवार शाम को सरोना रेलवे स्टेशन पर यात्रियों ने जमकर हंगामा किया। यात्री मेमू लोकल ट्रेन के यहां 3 घंटे से ज्यादा देर तक रुकने से नाराज थे। दरअसल रायपुर से निकलने के बाद मेमू का इंजन फेल हो गया। रायपुर डोंगरगढ़ मेमू रविवार की शाम रायपुर से रवाना हुई थी। 5.03 बजे सरोना रेलवे स्टेशन पहुंची और उसका इंजन फेल हो गया। जैसे ही इसकी जानकारी हुई तो रेलवे की टक्निकल टीम पहुंची लेकिन फाल्ट नहीं सुधरा। इस दौरान 3 घंटे से ज्यादा ट्रेन स्टेशन पर खड़ी रही। यात्रियों के लिए किसी प्रकार की वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई।
दूसरी ट्रेनों से रवाना हुए यात्री
रायपुर-डोंगरगढ़ मेमू में रोजाना आने जाने वाले यात्री सफर करते हैं। ऐसे में इसका इंजन फेल होने से यात्रियों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा। घंटो इंतजार के बाद दूसरी ट्रेन से यात्रियों को रवाना किया गया। दुर्ग के यात्रियों को दूसरी लोकल व उससे आगे जाने वालों को झारसुगुडा-गोंदिया पैसेंजर से रवाना किया गया। इंजन फेल होने से सरोना स्टेशन पर यात्रियों व रेलवे स्टाफ के बीच लगातार बहसबाजी होती रही।




