भिलाई। श्रीश्रीश्री माता धाम मंदिर, सेक्टर 7 में देवी मां का भव्य महोत्सव (संब्रालु) मनाया गया। बुधवार को सुबह से ही श्रीश्रीश्री माता धाम मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ रही। दिन भर मंदिर में विशेष पूजा अनुष्ठान किए गए। इस दौरान अभिषेक से लेकर देवी मां का श्रृंगार भी किया गया। संब्रालु को और खास बनाने दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल व राज्यसभा सांसद सरोज पाण्डेय भी विशेष रूप से शामिल हुए।


माँ मंकिनम्मा जनकल्याण सेवा समिति भिलाई द्वारा बुधवार को श्रीश्रीश्री माता धाम मंदिर, सेक्टर 7 में देवी मां का भव्य महोत्सव का आयोजन किया गया। संब्रालु की शुरुआत सुबह 8 बजे से हो गई। सबसे पहले देवी मां का अभिषेक किया गया। इसके बाद सुबह 9:30 बजे माता का भव्य श्रृंगार किया गया। श्री श्री श्री माता धाम मंदिर में विशेष पूजा अर्चना की गई। वहीं परंपरा के अनुसार गजमुण्डलू लेने के लिए श्रद्धालु का जत्था कैंप क्षेत्र स्थित मां मंकिनम्मा मंदिर पहुंचे। जगमुण्डलू लेने के बाद वापस सेक्टर-7 माताधाम शोभायात्रा की तैयारियां शुरू की गई।

आकर्षक झांकियों के साथ निकाली गई शोभायात्रा
भक्तिमय कार्यक्रम में शोभायात्रा का खास आकर्षण रही। श्रद्धालुओं ने लाई से बनी देवी मां की प्रतिकृति का नगर भ्रमण कराया। इस दौरान आकर्षक झांकियों ने सभी का मन मोह लिया। ढोल बाजे व दक्षिण भारतीय वाद्य यंत्रों की धुनपर नाचते गाते शोभायात्रा निकाली गई। आंध्रप्रदेश व तेलंगाना से आई झांकियां मंकिनम्मा संब्रालु में शामिल हुए। इन झांकियों में विशाखापट्टनम के कलाकारों के द्वारा कोबरा डांस, काली माता, दुर्गा माता की भव्य झांकियां एवं आंध्रप्रदेश से आए कलाकारों के द्वारा परम्पारिक वाद्ययंत्रों की विशेष प्रस्तुति दी गई। इस पूरे आयोजन में माँ मंकिनम्मा जनकल्याण सेवा समिति छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष नीलम चन्नाकेशवलू, एम. कोण्डैय्या तथा बी सुग्रीव सहित पदाधिकारी व सदस्यों का विशेष योगदान रहा।




