भिलाई। दुर्ग रेलवे स्टेशन में सोमवार की सुबह बड़ा हादसा हो गया। शिरडी-पूरी एक्सप्रेस की चपेट में आने से वेंडर बुरी तरह से घायल हो गया है। इस हादसे में वेंडर के हाथ पैर की उंगलियां कट गई हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। इसके बाद घायल वेंडर को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। यहां से उसे रायपुर रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा हैं कि वेंडर की हालत अभी खतरे से बाहर है।
मिली जानकारी के अनुसार घटना सोमवार सुबह की है। आज सुबह जैसे ही शिरडी-पुरी एक्सप्रेस पहुंची तो सामान बेचने के लिए वेंडर ट्रेन की ओर पहुंचे। इस दौरान राकेश पांडेय (36) भी यात्रियों को सामान बेच रहा था। बताया जा रहा है कि जैसे ही ट्रेन निकलना शूरू हुई तो राकेश चक्कर खाकर गिर गया। इससे वह ट्रेन की चपेट में आ गया। स्लो होने के कारण ट्रेन को रोका गया गया और उसके बाद वेंडर को बाहर निकाला गया।
हादसे के बाद उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया जहां से उसे रायपुर रेफर कर दिया गया। हादसे में वेंडर के हाथ व पैर की उंगलिया कट गई थी। जीआरपी और आरपीएफ सहित रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंचे थे। जीआरपी दुर्ग ने बतया कि वेंडर आदित्य नगर दुर्ग का रहने वाला है। उसे मिरगी की बीमारी होना बताया गया है और संभवत: इसी के कारण उसे चक्कर आया और गिर पड़ा था। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।




