दुर्ग। लखीमपुर में किसानों के साथ हुई बर्बरता की आग ठंडी नहीं हो रही है। लखीमपुर की आग अब छत्तीसगढ़ तक पहुंच गई है। मंगलवार को जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग शहर, दुर्ग ग्रामीण एवं भिलाई शहर के संयुक्त तत्वाधान में उत्तर प्रदेश के लखीमपुर में किसानों के साथ हुए अन्याय और अत्याचार के खिलाफ उत्तर प्रदेश के योगी सरकार को बर्खास्त करने की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन किया।
इससे पहले सुबह दुर्ग स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर जिला कांग्रेस के पदाधिकारी व कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां राष्ट्रपति के नाम डिप्टी कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया। इसके बाद धरना स्थल बड़ी संख्या में कांग्रेसी जमा होने लगे। दुर्ग शहर विधायक ने इस मौके पर कहा कि भारतीय जनता पार्टी की भ्रष्ट सरकार को जब तक उखाड़ के नहीं फेकेंगे तब तक कांग्रेस शांत नहीं बैठेगी।
विधायक वोरा ने कहा कि उत्तर प्रदेश के लखीमपुर में किसानों के साथ अन्याय एवं अत्याचार योगी सरकार के तानाशाही रवैए को दर्शाती है। मंत्री पुत्र किसानों को कुचल देता है लेकिन अब तक उसकी गिरफ्तारी नहीं होती। यूपी सरकार भाजपा के मंत्री पुत्र को बचाने का पूरा प्रयास कर रही है। आने वाले चुनाव में भाजपा को इसका जवाब जनता से मिलेगा।
धरना प्रदर्शन के दौरान दुर्ग ग्रामीण जिला अध्यक्ष निर्मल कोसरे ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की भ्रष्ट सरकार के द्वारा कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी को किसानों के मृतक परिजनों से मिलने के लिए रोका जा रहा है। देश का संविधान, एकता और अखंडता खतरे में है, जिसके लिए योगी एवं मोदी सरकार जिम्मेदार है। प्रदेश महामंत्री राजेंद्र साहू ने कहा कि योगी सरकार को बर्खास्त किया जाए।
भिलाई शहर जिला अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर ने कहा कि यूपी में सरकार की तानाशाही चल रही है ऐसी सरकार को बर्खास्त किया जाना चाहिए। कार्यक्रम का संचालन अल्ताफ अहमद एवं आभार प्रदर्शन शहर अध्यक्ष गया पटेल ने किया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक प्रदीप चौबे, बीडी कुरैशी, भजन सिंह निरंकारी, दुर्ग महापौर धीरज बाकलीवाल, लक्ष्मण चंद्राकर, सभापति राजेश यादव, भिलाई जिला की प्रथम अध्यक्ष श्रीमती तुलसी साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष शालिनी यादव, आरएन वर्मा, प्रदेश महामंत्री अरुण सिसोदिया, सुश्री नीता लोधी, धर्मेंद्र यादव, इरफान खान, सीजू एंथोनी, सुभद्रा सिंह, कन्या ढीमर, अश्वनी साहू, झुमुक साहू, अब्दुल गनी खान, अजय मिश्रा, महीप भुवाल, प्रवक्ता नासिर खोखर, मनोज मढरिया, प्रकाश ठाकुर शिव कुमार वर्मा, आदित्य सिंह, कैलाश नाहटा, नंद कुमार कश्यप, संदीप निरंकारी, राकेश मिश्रा, हेमंत बंजारे, सुमित पवार, जानकी साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




