नई दिल्ली (एजेंसी)। भारत में कोरोना संक्रमण रोजना नए रिकार्ड बना रहा है। एक दिन पहले दैनिक मामलों में कुछ कमी आई थी लेकिन दूसरे दिन फिर से रिकार्ड बढ़ोत्तरी हुई। पिछले 24 घंटों में सामने आए आंकड़ों में संक्रमण से लेकर मौतों व रिकवरी का रिकार्ड बना। देश में लगातार 3 लाख से अधिक मरीज रोज मिल रहे हैं। बीते 24 घंटे में रिकार्ड 3.62 लाख से अधिक नए केस सामने आए। वहीं इस बीच 3 हजार से अधिक लोगों की मौत हो गई। यह पहली बार है कि एक दिन में इतनी अधिक संख्या में मौतें हुई है। इसके साथ ही भारत में मौतों का आंकड़ा 2 लाख के पार चला गया है। यही नहीं इस दौरान रिकवरी का भी रिकार्ड बना। देश में बीते 24 घंटों में रिकार्ड 2.62 लाख से ज्यादा मरीज स्वस्थ्य हुए हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटों में 3 लाख 62 हजार 757 नए मरीज मिले और 3,285 लोगों की मौत हो गई। यह पहली बार है जब एक दिन में 3 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हुई। इस बीच 2 लाख 62 हजार 39 लोग ठीक भी हुए। रिकवरी का यह आंकड़ा भी सबसे अधिक है। देश में कुल संक्रमितों का आंकड़ा जहां 1 करोड़ 79 लाख 88 हजार 637 हो गया है। वहीं ठीक होने वाले मरीजों की संख्या 1 करोड़ 48 लाख 7 हजार 704 है। संक्रमण के कारण जान गंवाने वालों की संख्या 201165 है। देश में इस समय 29.72 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है।
भारत दुनिया का पांचवा देश जहां हुई 2 लाख मौतें
देश में कोरोना संक्रमण से जान गंवाने वालों का आंकड़ा मंगलवार को 2 लाख के पार हो गया। इसी के साथ भारत दुनिया का चौथा देश बन गया है, जहां कोरोना के कारण 2 लाख से ज्यादा लोग जान गंवा चुके हैं। अब तक इस महामारी से 2 लाख 1 हजार 165 लोगों की मौत हो चुकी है। अमेरिका में अब तक सबसे ज्यादा 5.87 लाख, ब्राजील में 3.95 लाख और मैक्सिको में 2.15 लाख लोगों की मौतें इस महामारी के कारण हुई है।
इन 3 राज्यों में 30 हजार से ज्यादा मरीज
पिछले 24 घंटों में महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 66,358 नए मरीज मिले। वहीं, केरल, कर्नाटक और उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटे में 30 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित मिले। उत्तर प्रदेश में 32,921, केरल में 32,819 और कर्नाटक में 31,830 संक्रमित पाए गए। शहरों में इस समय सबसे ज्यादा मरीज बेंगलुरु में हैं। यहां एक्टिव मरीजों की संख्या 2 लाख 6 हजार 223 है। अब तक इस शहर में 6 लाख 87 हजार 751 लोग संक्रमित पाए जा चुके हैं। इनमें से 4 लाख 75 हजार 525 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 6,002 मरीजों की मौत हो चुकी है। देश में दूसरे नंबर पर पुणे है। यहां 1 लाख 4 हजार 561 एक्टिव केस हैं। जबकि दिल्ली में 98,264 एक्टिव केस हैं।





