रायपुर। मंगलवार सुबह एक ही परिवार के पांच लोगों के शव घर पर मिलने से हड़कंप मच गया है। मामला अभनपुर के केंद्री गांव का है। यहां रहने वाले कमलेश साहू का शव फांसी पर लटका मिला वहीं उसकी पत्नी, मां और दो बच्चों के शव आसपास मिले। प्राथमिक जांच में पुलिस का अनुमान है कि कमलेश ने ही अपनी पत्नी व बच्चों के साथ मां की हत्या की और खुद फांसी पर झूल गया। मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है वहीं गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के निर्देश दिए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह को काफी देर तक कमलेश के घर का दरवाजा नहीं खुला तो आस पड़ोस के लोगों ने खिडख़ी से देखा तो कमलेश का शव फांसी पवर लटक रहा है। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। थाना अभनपुर की टीम मौके पर पहुंची तो अंदर के कमरे में मृतक के घर वालों की भी लाशें मिली। रायपुर एसपी अजय यादव ने बताया कि ग्रामीण यह बता रहे हैं कि परिवार के लोग किसी बीमारी से ग्रसित थे और परेशान थे। इसी वजह से कमलेश ने परेशान होकर सभी की हत्या और खुदकुशी योजना बनाई होगी। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। मृतकों में कमलेश साहू 35 साल, प्रमिला साहू 30 साल, ललिता साहू 60 साल, नरेंद्र कुमार साहू 8 साल, कीर्ति साहू 10 साल शामिल हंै। इस पूरे मामले में गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने अफसरों से जानकारी ली है। गृहमंत्री ने मामले की गंभीरता को देखते हुए इंटरनल सोर्स लगाकर जांच करने का निर्देश दिया है।




